Zika In Kanpur: शहर में कमजोर पड़ा जीका वायरस, 108 संक्रमितों में से 31 की रिपोर्ट आई निगेटिव

लखनऊ के केजीएमयू में दोबारा जांच कराने के बाद आई रिपोर्ट में 31 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है अब शहर में 77 जीका संक्रमित बचें हैं। मंगलवार को 17 जीका संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। उसके बाद शुक्रवार को 14 जीका संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Fri, 12 Nov 2021 07:37 PM (IST) Updated:Fri, 12 Nov 2021 07:37 PM (IST)
Zika In Kanpur: शहर में कमजोर पड़ा जीका वायरस, 108 संक्रमितों में से 31 की रिपोर्ट आई निगेटिव
कानपुर में जीका वायरस का प्रभाव कम हो रहा है। प्रतीकात्मक फोटो।

कानपुर, जागरण संवाददाता। शहर में जीका वायरस के अब तेवर ढीले पड़ने लगे हैं। जीका वायरस से अब तक 108 संक्रमित चकेरी क्षेत्र के पोखरपुर, परदेवनपुरवा से लेकर शिवकटरा, कृष्णा नगर, काकोरी, श्याम नगर, कोयला नगर के भवानी नगर में मिले हैं, जिसमें से 31 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अभी 77 जीका संक्रमित बचे हुए हैं। सीएमओ का दावा है कि जीका प्रभावित क्षेत्रों में सर्विलांस, सैंपलिंग, सोर्स रिडक्शन, दवा छिड़काव, फागिंग और साफ-सफाई का कार्य लगातार चल रहा है।

सीएमओ डा. नैपाल सिंह ने बताया कि जीका संक्रमितों के सैंपल दोबारा जांच के लिए लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) भेजे गए थे। उसमें से 31 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। मंगलवार को 17 जीका संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। उसके बाद शुक्रवार को 14 जीका संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब शहर में जीका संक्रमितों की संख्या 77 बची है। शहर में पहले जीका संक्रमित एयरफोर्स के अधिकारी थे, जो 23 अक्टूबर को संक्रमित मिले थे। वह परदेवनपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं।

इन क्षेत्रों में फैला है जीका का संक्रमण: चकेरी क्षेत्र के परदेवनपुरवा, पोखरपुर, एयरफोर्स परिसर, लालबंगला, ओमपुरवा, लालकुर्ती, काजीखेड़ा, हरिजंदर नगर, लाल बंगला, शिवकटरा, काकोरी, तिवारीपुर बगिया, श्याम नगर ई ब्लाक, फेथफुलगंज, आदर्श नगर, मानस विहार, शिवकटरा, काकोरी, कृष्णा नगर, श्याम नगर ई ब्लाक, कोयला नगर के भवानी नगर।

chat bot
आपका साथी