चित्रकूट में नागरिक उड्डयन मंत्री का विपक्षियों पर तंज, बाेले- जिन्ना को मसीहा कहने वाले ओसामा को कह सकते महान

नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर कहा कि जो अपने पिता और चाचा का नहीं हुआ प्रदेश की जनता का क्या होगा। बोले पिता की विरासत पाए थे तो चार साल तक मोबाइल व लैपटाप में गेम खेलते रहे।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Sun, 28 Nov 2021 10:31 PM (IST) Updated:Sun, 28 Nov 2021 10:31 PM (IST)
चित्रकूट में नागरिक उड्डयन मंत्री का विपक्षियों पर तंज, बाेले- जिन्ना को मसीहा कहने वाले ओसामा को कह सकते महान
भाजपा के व्यापारी सम्मेलन में प्रभारी मंत्री नंदगोपाल नंदी, राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय व अन्य।

चित्रकूट, जागरण संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी मंडलीय व्यापारी सम्मेलन में नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने रविवार को यहां कांग्रेस, बसपा व सपा पर तीखा हमला बोला। कहा कि एक बार पप्पू व बबुआ ने गठबंधन किया था तो जनता ने देख लिया। एक बार सपा व बसपा ने साथ चुनाव लड़ा। इनके गठबंधन से कोई फर्क नहीं पड़ा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर कहा कि जो अपने पिता और चाचा का नहीं हुआ, प्रदेश की जनता का क्या होगा। बोले, पिता की विरासत पाए थे तो चार साल तक मोबाइल व लैपटाप में गेम खेलते रहे। अभी भी बचकानी हरकत दिखाई दे रही है। एक समुदाय को लुभाने के लिए जो जिन्ना को मसीहा बता रहे हैं वह कल को ओसामा बिन लादेन को महान बता सकते हैं। ऐसे लोगों की बातों पर जनता विश्वास नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग को एकत्रित करने के साथ ही भाजपा की नीतियों और कार्यों को जन जन तक पहुचाना है। 2022 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में दोबारा भाजपा सरकार बनेगी। प्रदेश में व्यापारी पूरी तरह भयमुक्त होकर व्यापार कर रहा है। लोकनिर्माण राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, सांसद आरके सिंह पटेल, कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव व चेयरमैन नरेंद्र गुप्ता ने भी सम्मेलन को संबोधित किया।

chat bot
आपका साथी