Weather Update: कानपुर की फिजा में हवाओं ने घोली ठंडक, दिल्ली और राजस्थान की बारिश से ठंडा हो जाएगा यूपी

मौसम में परिवर्तन की बयार चल पड़ी है बीते दिनों बारिश के बाद से दिन में धूप और रात में ठंडक का अहसास होने लगा है। तापमान में उतार चढ़ाव के साथ आने वाले दिनों में पड़ोसी राज्याें में बारिश के बाद यूपी में ठंड के आसार बन रहे हैं।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 11:45 AM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 11:45 AM (IST)
Weather Update: कानपुर की फिजा में हवाओं ने घोली ठंडक, दिल्ली और राजस्थान की बारिश से ठंडा हो जाएगा यूपी
कानपुर में चली मौसम में बदलाव की बयार।

कानपुर, जेएनएन। शहर में मौसम में बदलाव की बयार चल पड़ी है, बीते दिनों हुई बारिश के बाद माहौल सर्द होने लगा है। दिन में धूप का असर कम हो गया है तो शाम से हवाओं ने फिजा में ठंडक घोल दी है। तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी है और आने वाले दिनों में दिल्ली और राजस्थान में बारिश के आसार जताए जा रहे हैं, जिसके बाद सर्द हवाओं का यूपी और एमपी में आना शुरू हो जाएगा। इसके बाद शहर में भी ठंड अपनी दस्तक दे देगी। 

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिन में पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊपर सक्रिय हो जाएगा। उसके असर से जहां पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बर्फ गिरेगी, जबकि दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा में बारिश के आसार हो गए हैं। शुष्क हवा पहले ही मैदानी क्षेत्रों की ओर आ रही है। बारिश होते ही उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में ठंडी हवा आनी शुरू हो जाएगी। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि चक्रवाती हवा का क्षेत्र पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार पर बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे क्षेत्र पर बना हुआ है। यह 24 अक्टूबर तक जम्मू कश्मीर के ऊपर पहुंच जाएगा।

उन्होंने बताया कि टर्फ रेखा पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार पर बने चक्रवाती परिसंचरण से लेकर मध्य प्रदेश होते हुए उत्तरी गुजरात तक औसत समुद्र तल से 3.5 से 5.8 किमी के बीच फैली हुई है। अन्य ट्रफ रेखा केरल और तटीय कर्नाटक से होते हुए पूर्वी मध्य अरब सागर तक फैली हुई है। अगले 24 घंटे में कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और रायलसीमा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर पंजाब, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, आंध्र प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप में हल्की वर्षा के आसार हैं। शनिवार को पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दिल्ली एनसीआर में हल्की बारिश की संभावना बन रही है। दक्षिण-पश्चिम मानसून साल 17 सितंबर से पीछे हटने लगा। यह छह अक्टूबर को पश्चिम राजस्थान से शुरू हुआ और 11 अक्टूबर तक पूरी तरह से उत्तर भारत और मध्य क्षेत्र के कुछ हिस्सों तक रवाना हो गया। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के ऊपर मौसम प्रणालियों के बनने से प्रक्रिया में देरी हुई।

chat bot
आपका साथी