Weather Update Kanpur: बंगाल की खाड़ी से चली हवा लेकर आ रही बारिश, झमाझम बरसेंगे बदरा

कानपुर में मौसम सुहाना हो गया है लेकिन उमस ने बेहाल किया है। मौसम विभाग की मानें तो हवाएं सामान्य से तेज चलेंगी और 27 जुलाई तक उत्तर प्रदेश के जिलों में तेज बारिश की संभावना बन रही है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 01:53 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 05:20 PM (IST)
Weather Update Kanpur: बंगाल की खाड़ी से चली हवा लेकर आ रही बारिश, झमाझम बरसेंगे बदरा
यूपी के पश्चिमी हिस्से में सक्रिय है चक्रवाती हवा।

कानपुर, जेएनएन। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है, जिसकी वजह से बारिश कराने वाली हवा मैदानी क्षेत्रों की ओर बढ़ रही है। शनिवार से 27 जुलाई तक बारिश के आसार हैं। अरब सागर से नमी लिए हवा भी राजस्थान की ओर से हिमालय की ओर आ रही हैं। यह हिमालय से टकराकर मैदानी क्षेत्रों में वर्षा कराएंगी। कम दबाव का क्षेत्र ओडिशा और पश्चिम बंगाल के आसपास से होकर पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है।

कानपुर शहर में बीते दो दिन हल्की बारिश ने मौसम तो खुशनुमा कर दिया है लेकिन उमस से हाल बेहाल हो रहे हैं। अब एक बार फिर झमाझम बारिश के आसार बन रहे हैं। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक मानसून की रेखा फिरोजपुर, रोहतक, अलीगढ़, चुर्क, रांची, बालासोर, ओडिशा के ऊपर कम दबाव वाले क्षेत्र के केंद्र से होते हुए बंगाल की खाड़ी की ओर जा रही है। एक ट्रफ रेखा दक्षिण गुजरात तट से केरल तट तक फैली हुई है। चक्रवाती हवा का क्षेत्र जम्मू कश्मीर पर बना हुआ है। दूसरे चक्रवाती हवा का क्षेत्र उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से पर सक्रिय है।

मौसम विज्ञान का पुर्वानुमान है की अगले 24 घंटे के दौरान, कर्नाटक, कोंकण, गोआ, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, उत्तराखंड, राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कच्छ, राजस्थान, विदर्भ, मराठवाड़ा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, सिक्किम में हल्की बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, रायलसीमा, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में हल्की बारिश की संभावना है।

chat bot
आपका साथी