Weather Update Kanpur: उत्तर पश्चिमी शुष्क हवाएं कराएंगी हल्की ठंड का अहसास, सुबह-शाम गिरेगा तापमान

कानपुर में मौसम में बदलाव आ गया है और रात में हल्की ठंड महसूस होने लगी है। मौसम विभाग की मानें तो 22 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ बनने से पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और मैदानी क्षेत्र में सर्द हवाओं से तापमान में गिरावट आएगी।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 12:52 PM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 12:52 PM (IST)
Weather Update Kanpur: उत्तर पश्चिमी शुष्क हवाएं कराएंगी हल्की ठंड का अहसास, सुबह-शाम गिरेगा तापमान
कानपुर में मौसम में बदलाव की बयार चल पड़ी है।

कानपुर, जेएनएन। उत्तर पश्चिमी शुष्क हवा मैदानी क्षेत्रों में आनी शुरू हो गई है, जिससे सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट होगी और हल्की ठंड का अहसास भी होगा। वहीं जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में ठंडक बढ़ने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर की ओर से आ रही नम हवाओं पर ब्रेक लग गया है, जिससे बारिश कराने वाले सिस्टम कमजोर पड़ गए हैं। कानपुर शहर में बीते दो दिन बारिश के बाद मौसम में बदलाव आया है, रात में हल्की ठंड महसूस होने लगी है और दिन में हवाओं से पारा गिर गया है।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ 22 अक्टूबर से उत्तर भारत के राज्यों को प्रभावित करने के लिए तैयार है। यह पहाड़ी क्षेत्रों के साथ-साथ उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों पर प्रभाव डालेगा। इससे जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड में बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में बारिश का असर रहेगा। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और अन्य मैदानी क्षेत्रों में हल्की ठंडक महसूस होगी।25 अक्टूबर से मौसम साफ हो जाएगा। उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में हल्की सर्द हवा चलेगी, जिससे तापमान में गिरावट होगी। कम दबाव का क्षेत्र बिहार और आसपास के क्षेत्र पर बना हुआ है, इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। उत्तर प्रदेश के मध्य भाग पर एक चक्रवाती हवा का क्षेत्र विकसित है।

उन्होंने बताया कि टर्फ रेखा मध्य उत्तर प्रदेश पर बने चक्रवाती हवा के क्षेत्र से बिहार के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र से जुड़े चक्रवाती हवा के क्षेत्र तक फैली हुई है। अगले 24 घंटे में सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, नागालैंड, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु, बिहार के कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत और कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। आंध्र प्रदेश, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, लक्ष्यद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश संभव है। डा. पांडेय ने बताया कि अरब सागर में चक्रवात बनने के साथ ही शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ उठ गया। इन दोनों के मिल जाने से हालात बेकाबू हो गए। अब मौसम चक्र भी पहले जैसा नहीं रहा। ग्लोबल वार्मिंग के कारण जलवायु परिवर्तन में तेजी आने लगी है। यही कारण है कि अक्टूबर में ऐसा मौसम पहली बार देखने को मिला।

chat bot
आपका साथी