Weather Update Kanpur: तीन साल में सितंबर में सबसे कम बारिश, ओवरआल मानसून का प्रदर्शन बेहतर

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग ने सितंबर माह में 822.5 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की है जो बीते तीन साल के रिकार्ड में सबसे कम है। वहीं इस बार ओवरआल मानसून का सामान्य श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन रहा है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sat, 02 Oct 2021 01:54 PM (IST) Updated:Sat, 02 Oct 2021 01:54 PM (IST)
Weather Update Kanpur: तीन साल में सितंबर में सबसे कम बारिश, ओवरआल मानसून का प्रदर्शन बेहतर
कानपुर शहर में अभी बारिश के आसार बन रहे हैं।

कानपुर, जेएनएन। इस बार सितंबर माह में मानसून पिछले तीन वर्षों के मुकाबले कमजोर रहा, बारिश हुई, लेकिन नियमित नहीं रही। अभी हफ्ते भर बारिश के आसार हैं। हवा सामान्य से तेज चल सकती है, जबकि तापमान में उतार चढ़ाव होगा। मौसम विभाग का कहना है कि इस साल मानसून ने सामान्य श्रेणी में रहते हुए अच्छा प्रदर्शन किया है। यह लगातार तीसरा मानसून है, जिसमें सामान्य से ज्यादा वर्षा हुई।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून समय पर पहुंच गया था और पहले दो चरणों में इसने रफ्तार पकड़ ली। यह जून के अंतिम सप्ताह के दौरान धीमा हो गया और उत्तर भारत में बहुत देरी से पहुंचा, जिससे दिल्ली में 13 जुलाई के अंत तक आगमन हुआ। सितंबर 2021 तक 822.5 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की है। यह सामान्य बारिश 761.8 मिलीमीटर के आंकड़े से अधिक है, लेकिन 2018 में 981.1, 2019 में 963.2 और 2020 में 1227.8 मिलीमीटर वर्षा हुई थी।

उन्होंने बताया कि जुलाई का महीना सात प्रतिशत के साथ घाटे में था, जबकि कमी बहुत अधिक नहीं थी, लेकिन मानसून के सीजन में कमी को बड़ा माना जाता है। 24 फीसद की कमी के साथ अगस्त का महीना बेहद निराशाजनक रहा। सितंबर आते ही, और बारिश ने गति पकड़ ली और महीने में 35 फीसद का अधिशेष देखा गया, इसके अलावा, इस महीने खाड़ी में एक चक्रवाती तूफान भी बना, जिससे देश के पूर्व, मध्य और पश्चिमी हिस्सों में बारिश हुई। मानसून सीजन एलपीए (लांग पीरियड एवरेज) के करीब 99 फीसदी के साथ खत्म हो गया है।

कुल मिलाकर इस साल मानसून ने सामान्य श्रेणी में रहते हुए ठीक ठाक प्रदर्शन किया है। यह लगातार तीसरा मानसून है, जिसमें सामान्य से ज्यादा वर्षा हुई। अगले 24 घंटे में बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में बारिश की संभावना है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, तेलंगाना, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और ओडिशा में हल्की बारिश के आसार हैं।

chat bot
आपका साथी