Weather Update Kanpur: अभी स्थिर नहीं है तापमान, उत्तर-पश्चिमी हवाएं गिराएंगी पारा

कानपुर शहर में हल्की ठंड दस्तक दे चुकी है और रातें सर्द होने लगी है लेकिन दिन का तापमान अभी स्थिर नहीं है। तापमान में फिर मामूली इजाफा दर्ज किया गया है हालांकि आने वाले दिनों में उत्तर पश्चिम हवाओं से पारा गिरने की संभावना बनी है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sat, 13 Nov 2021 12:27 PM (IST) Updated:Sat, 13 Nov 2021 12:27 PM (IST)
Weather Update Kanpur: अभी स्थिर नहीं है तापमान, उत्तर-पश्चिमी हवाएं गिराएंगी पारा
कानपुर में मौसम का हाल अभी साफ नहीं है।

कानपुर, जागरण संवाददाता। दीपावली के पहले से ठंड दस्तक दे चुकी है लेकिन तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव बना है। हालांकि रातें सर्द होने लगी हैं लेकिन दिन का तापमान अभी गर्म है। मौसम विभाग की मानें तो मौसम में अभी दिन के समय लोगों को ठंड से राहत रहेगी। आसमान में हल्के बादल छाए रहने से शनिवार को भी न्यूनतम तापमान में मामूली इजाफा दर्ज किया गया है। बीते तीन दिनों से तापमान में मामूली बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। अगले सप्ताह उत्तर पश्चिम हवाओं के आने से फिर ठंड में इजाफा हो सकता है।

कानपुर शहर में अभी रात में ठंड बनी हुई है और दिन में धूप की गर्मी सता रही है। शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली इजाफा हुआ है और तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले यही तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मौसम रविवार को भी साफ रहेगा और लोगों को दिन में राहत मिलेगी। न्यूनतम तापमान में अभी थोड़ी बढ़ोत्तरी और हो सकती है। हालांकि अधिकतम तापमान में कमी भी हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मौसम में हो रहा यह बदलाव उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण है। एक दो दिन में जैसे ही आसमान से बादल छटेंगे, वैसे ही तापमान में गिरावट आने लगेगी और ठंड बढ़ने लगेगी। उन्होंने कहा कि किसान खरीफ की खड़ी फसलों की कटाई/मड़ाई तथा रबी की फसलें जैसे-गेहूँ, जौं, चना, मटर, मसूर, सरसों, अलसी, आलू एवं सब्जियों आदि की बुवाई कर सकते हैं।

कानपुर में मौसम का हाल

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 अधिक रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 0.9 कम रहा। आर्द्रता अधिकतम 95 प्रतिशत और न्यूनतम 38 प्रतिशत रिकार्ड की गई। उत्तर पूर्वी हवा की औसत गति 0.9 किमी प्रतिघंटा दर्ज की गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस सप्ताह मध्य उत्तर प्रदेश में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। बादलों की वजह से तापमान में इजाफा हो सकता है।

chat bot
आपका साथी