Weather Update Kanpur: पूर्वी हवाओं ने गिराया तापमान, सुबह छाई रही धुंध की चादर

कानपुर शहर में उत्तर पश्चिम हवाओं के साथ मिलकर पूर्वी क्षेत्र से आ रही नम हवाओं ने मौसम को बदल दिया है इसके बाद तापमान में मामूली कमी दर्ज की गई है। हवाओं की गति तेज होने पर आने वाले दिनों में ठंड में इजाफा होने की संभावना है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sun, 14 Nov 2021 11:50 AM (IST) Updated:Sun, 14 Nov 2021 11:50 AM (IST)
Weather Update Kanpur: पूर्वी हवाओं ने गिराया तापमान, सुबह छाई रही धुंध की चादर
कानपुर में बदला मौसम और बढ़ गई ठंड।

कानपुर, जागरण संवाददाता। उत्तर पश्चिम हवाओं के साथ मिलकर पूर्वी क्षेत्र से आ रही नम हवाओं ने शहर का मौसम बदल दिया है। रविवार सुबह तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई और धुंध भी छाई रही। सूरज के चढ़ते ही धूप खिली तो धुंध की चादर भी छट गई। मौसम विभाग की मानें तो पूर्वी हवाओं के चलते आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना बनी है। इसके बाद ठंड में तेजी से इजाफा होगा।

शनिवार को न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, लेकिन रविवार को यह तापमान 0.4 डिग्री गिर गया और यह 12.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम विज्ञानी का कहना है कि तापमान में आई यह कमी पूर्वी हवाओं के कारण है। दरअसल, बंगाल की खाड़ी में बन रहे दबाव के कारण पूरब से नम हवाएं तेजी से बिहार व मध्य उत्तर प्रदेश की ओर आ रही हैं। उत्तर पश्चिम हवाओं से इन हवाओं के मिलने के कारण तापमान में गिरावट आ रही है। आने वाले दिनों में तापमान में और कमी आ सकती है।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अभी आसमान पर हल्के बादल हैं, लेकिन एक दो दिन में बादल पूरी तरह छटेंगे। इसके बाद तापमान में गिरावट आएगी। पूर्वी हवाओं की नमी में धूल के कण मिलने से सुबह व शाम आसमान पर धुंध व कोहरा भी छाने की आशंका है। उन्होंने कहा कि खरीफ की फसलों की कटाई/मड़ाई तथा रबी की फसलें जैसे-गेहूं, जौ, चना, मटर, मसूर, सरसों, अलसी, आलू व सब्जियों आदि की बुवाई के लिए मौसम अनुकूल है।

chat bot
आपका साथी