Weather Update Kanpur: फिलहाल बादलों ने बढ़ाया है एक डिग्री पारा, शुष्क हवा कराएंगी ठंड का अहसास

कानपुर शहर में मौसम में ठंडक का अहसास होने लगा है लेकिन आसामन में अत्याधिक ऊंचाई पर बादलों का डेरा होने से तापमान में एक डिग्री का इजाफा हुआ है। अरब सागर में चक्रवात सक्रिय होने से अब मौसम में आंशिक परिवर्तन होने के आसार हैं।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sun, 07 Nov 2021 11:55 AM (IST) Updated:Sun, 07 Nov 2021 11:55 AM (IST)
Weather Update Kanpur: फिलहाल बादलों ने बढ़ाया है एक डिग्री पारा, शुष्क हवा कराएंगी ठंड का अहसास
कानपुर में तापमान में उतार चढ़ाव बना रहेगा।

कानपुर, जागरण संवाददाता। तापमान में उतार चढ़ाव तेज हो गया है। सुबह धूप निकल रही है, जबकि शाम को पारा नीचे चला जा रहा है। यह स्थिति अभी कुछ दिनों तक बनी रहेगी। पिछले कुछ दिनों से अत्याधिक ऊंचाई पर छाए बादलों की वजह से तापमान में परिवर्तन जारी है। शुक्रवार की रात के मुकाबले शनिवार की रात का पारा एक डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है। 

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग ने 13.8 डिग्री सेल्सियस का आकलन किया है। एक दिन पूर्व 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ था। अरब सागर में चक्रवाती क्षेत्र बन रहा है। इसकी वजह से उत्तर प्रदेश के मौसम में आंशिक परिवर्तन हो सकता है। चक्रवात का असर महाराष्ट्र और दक्षिण के राज्यों में ज्यादा हो सकता है। मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पूर्वी मध्य और उससे सटे दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। यह रविवार की शाम तक और सशक्त हो सकता है। एक टर्फ रेखा दक्षिण गुजरात के तट तथा पूर्वोत्तर अरब सागर तक फैली हुई है। चक्रवाती हवा का क्षेत्र आंध्र प्रदेश के पास से पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर समुद्र तल से 5.8 किमी तक फैला हुआ है।

उन्होंने बताया कि दूसरा चक्रवाती हवा का क्षेत्र दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है। अगले 24 घंटे में आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लक्षद्वीप, केरल, कोंकण और गोवा और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। दक्षिण गुजरात में छिटपुट बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। उत्तर-पश्चिम दिशा से मध्यम से तेज हवा से दिल्ली सहित उत्तरी मैदानी इलाकों में वायु प्रदूषण से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। शनिवार को कर्नाटक, लक्षद्वीप और तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। तमिलनाडु के शेष हिस्सों, आंध्र प्रदेश, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों और जम्मू-कश्मीर में बारिश हुई।

chat bot
आपका साथी