Weather Update Kanpur: बादलों की जकड़ में मौसम, नम हवाओं से सुबह-शाम शीतलहर से ठंड का अहसास
दिसंबर का महीना शुरू होने के बावजूद बादलों के कारण ठंड में इजाफा नहीं हो रहा है हालांकि शीतलहरी से सुबह शाम हल्का अहसास बना हुआ है। हिमालय के पास नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में परिवर्तन की संभावना बनी है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। दिसंबर का महीना शुरू होने के बाद भी ठंड में खास इजाफा न होना और तापमान में भी मामूली बढ़ोत्तरी से मौसम स्थितर बना है, इसके पीछे आसमान में बादलों का छाया रहना भी है। आसमान पर बादलों के छाए रहने से तापमान में उतार चढ़ाव का सिलसिला जारी है। रविवार को तापमान में मामूली बढ़ोत्तरी के बाद सोमवार को भी इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्पन्न होने और उत्तर पश्चिमी नम हवाओं के कारण सुबह व शाम शीतलहर चलने की भी उम्मीद है। दक्षिण बंगाल की खाड़ी के ऊपर जवाद चक्रवात होने के कारण आसमान पर बादल छाए हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक सोमवार को यह बादल और गहरे हो सकते हैं, लेकिन बारिश नहीं होगी। हालांकि बादल छाने से तापमान में और बढ़ोत्तरी हो सकती है। बता दें कि रविवार को शहर का न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। साथ ही अधिकतम आद्रता 93 फीसद और न्यूनतम आद्रता 60 फीसद तक रही।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया की एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ हिमालय के पास पहुंचा है, जहां से यह उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों की ओर जा रहा है। इसी वजह से पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू हुई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश और मध्य व पूर्वी उत्तर प्रदेश में नम हवाएं चल सकती हैं। उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात भी कमजोर होकर एक गहरे दबाव में बदल रहा है। इसके चलते दो-तीन में बादल पूरी तरह छंट सकते हैं। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि वह गेहूं, चना, सरसों, अलसी एवं सब्जियों आदि की बुवाई का काम कर सकते हैं।