Weather Update Kanpur: बादलों ने रोका ठंड का रास्ता, कानपुर के पारे और धुंध में इजाफा

कानपुर में मौसम में परिवर्तन की बयार चल रही है कभी पारा सीजन के न्यूनतम स्तर पर पहुंच जाता है तो कभी सामान्य से ऊपर हो जाता है। बादलों की वजह से ठंड में फिलहाल इजाफा होता नहीं दिख रहा है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sun, 28 Nov 2021 02:56 PM (IST) Updated:Sun, 28 Nov 2021 02:56 PM (IST)
Weather Update Kanpur: बादलों ने रोका ठंड का रास्ता, कानपुर के पारे और धुंध में इजाफा
दक्षिण पूर्वी हवाओं से रात में बढ़ रही ठंड।

कानपुर, जागरण संवाददाता। फिलहाल शहर का पारा स्थिर नहीं है, कभी सीजन के न्यूनतम स्तर पर पहंच जाता है तो कभी सामान्य से अधिक हो जाता है। मौसम में यह परिवर्तन बादलों के कारण बना हुआ है, इसी वजह से ठंड का रास्ता भी रुक गया है। आसमान पर छाए हल्के बादलों के कारण तापमान में मामूली इजाफा हुआ है। हालांकि रात में नम हवाओं के कारण ठंड का अहसास होता रहा और सुबह हल्की धुंध भी छाई रही। बादलों की वजह से न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 11.0 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। वहीं सोमवार को बादल छंटने पर मौसम में फिर बदलाव होने की संभावना है, मौसम विज्ञानियों ने ठंड बढ़ने की बात कही है।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि (सीएसए) के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अरब सागर में बने निम्न दबाव के कारण आसमान में काफी ऊंचाई पर हल्के बादल छाए हैं। साथ ही हिमालय से आ रही उत्तर-पश्चिमी नम हवाओं के साथ ही दक्षिण-पूर्वी हवाएं भी अपना असर दिखा रही हैं। इसके कारण तापमान में मामूली बढ़ोत्तरी हो रही है, लेकिन हवा में नमी के कारण लोगों को ठंड लग रही है। शुक्रवार रात जहां न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस था तो शनिवार देर रात यह तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस हो गया।

डा. सुनील पांडेय ने यह भी बताया कि सोमवार को जब बादल पूरी तरह छंटेंगे तो तापमान तेजी से गिरेगा। इसके कारण ठंड और ज्यादा बढ़ेगी। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि वह गेहूं, चना, सरसों, अलसी एवं सब्जियों आदि की बुवाई का कार्य जल्द पूरा कर लें। साथ ही तापमान में हो रहे उतार चढ़ाव को देखते हुए अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहें और गर्म कपड़े पहनकर ही निकलें।

chat bot
आपका साथी