Weather Update Kanpur: खिली धूप और मौसम हुआ साफ, रात में ठंड का अहसास

कानपुर में दो दिन से छाए बादल छंटने के बाद लोगों को राहत मिली है। दो दिन तक बूंदाबांदी और बादलों से तापमान में बढ़ोत्तरी हुई थी लेकिन फिर न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने से रातें सर्द हो गई हैं।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sun, 21 Nov 2021 11:54 AM (IST) Updated:Sun, 21 Nov 2021 11:54 AM (IST)
Weather Update Kanpur: खिली धूप और मौसम हुआ साफ, रात में ठंड का अहसास
कानपुर में मौसम में बदलाव से राहत मिली है।

कानपुर, जागरण संवाददाता। दो दिन बाद आखिर रविवार को कानपुर का मौसम साफ नजर आया, धुंध के कुहासे को चीरते हुए खुली धूप के साथ सुबह की शुरुआत हुई। हालांकि बीते दो दिन से छाए बादल और हल्की बारिश ने मौसम बदला था लेकिन अब एक बार फिर लोगों ने राहत की सांस ली है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में उत्तर पश्चिम हवाओं के कारण मौसम साफ रहने की उम्मीद है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार अरब सागर व बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण गुरुवार सुबह से बादल छाए रहने के कारण शहर का मौसम बदल गया था। शुक्रवार को बूंदाबांदी और शनिवार को हल्की बारिश के कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। रात का पारा भी 17.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, रविवार की सुबह फिर मौसम सुहाना हो गया। न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री रिकार्ड किया गया है, जिससे लोगों को कंपकंपी का अहसास हुआ।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि रविवार से फिर हवाओं की दिशा बदली है। आसमान साफ रहने से अब तापमान में कमी आने की संभावना है। किसानों को सलाह दी जाती है कि वे धान, मूगफली आदि की कटी हुई फसलों की मड़ाई कर लें।

दो दिन में 1.4 मिमी बारिश : मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को हुई बूंदाबांदी के कारण करीब 1.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। पिछले वर्ष भी इन्हीं दिनों में बारिश हुई थी।

chat bot
आपका साथी