Weather Alert Kanpur: आज पड़ सकती फुहार, कल से फिर बारिश होगी मूसलाधार

कानपुर शहर में बीते दो दिन से जारी बारिश की तेजी फिलहाल शांत है लेकिन बादल छाए रहने से आने वाले दिनों में तेज बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग ने तेज हवा के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 11:19 AM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 11:19 AM (IST)
Weather Alert Kanpur: आज पड़ सकती फुहार, कल से फिर बारिश होगी मूसलाधार
कानपुर में मौसम सुहाना हो गया है।

कानपुर, जेएनएन। पिछले दो दिन से जारी झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया है, फिलहार यह सिलसिला गुरुवार को थमा रहेगा लेकिन हल्की फुहारें पड़ेंगी। मौसम विभाग ने अगले दिनों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने और हवा चलने की संभावना जताई है। इसके साथ ही अभी कुछ दिन तक बदली और बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी लिए हवा मैदानी क्षेत्रों की ओर आने से यूपी के ऊपर मानसूनी सिस्टम पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। 

कानपुर शहर में बीते दो दिनों से दिन और रात में हुई तेज बारिश से सड़कें और कई इलाके डूब गए हैं। जगह जगह जलभराव होने से समस्या बन गई है, ऐसे में शहरी क्षेत्राें में लोग बारिश थमने का इंतजार करने लगे हैं तो ग्रामीण क्षेत्र में अमृत बनकर बरस रहे पानी को देखकर किसान खुश हैं। फिलहाल बारिश का सिलसिला अभी जारी रहेगा। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया की गुरुवार को बूंदाबांदी और हल्की बारिश की संभावना है। शुक्रवार से फिर मूसलाधार वर्षा का अनुमान है, चक्रवाती हवा का क्षेत्र उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश पर बना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई वाले हिस्सों में अच्छी खासी वर्षा होगी।

डाॅ. पांडेय के मुताबिक गहरा कम दबाव का क्षेत्र अब बंगाल की उत्तरी खाड़ी और पश्चिम बंगाल के आसपास के हिस्सों पर बना हुआ है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण मध्य क्षोभमंडल स्तर तक फैल रहा है। यह गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र झारखंड और दक्षिण बिहार से गुजरते हुए उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। उत्तर प्रदेश के मध्य भागों पर एक चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना हुआ है। एक और चक्रवाती हवा का क्षेत्र पंजाब के आसपास के हिस्सों पर बना हुआ है

उत्तर पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, कानपुर मंडल सहित उत्तर प्रदेश के पश्चिम में बारिश होने की पूरी संभावना है। दिल्ली, हरियाणा, बिहार, पश्चिम बंगाल सिक्किम और गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। झारखंड, छत्तीसगढ़, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश संभव है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ ओडिशा और विदर्भ में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है।

chat bot
आपका साथी