UP Weather Update : मौसम विभाग का अनुमान... 29 अगस्त से मौसम में फिर परिवर्तन होने के आसार

यूपी में एक बार फिर बारिश पर ब्रेक लग गया है इस बार नम और शुष्क हवा के मिलने वजह बनी है। फिलहाल कानपुर समेत आसपास के जिलों में गर्मी और उमस का असर बढ़ेगा और चक्रवात के बनने पर बारिश होगी।

By Akash DwivediEdited By: Publish:Fri, 27 Aug 2021 12:05 PM (IST) Updated:Fri, 27 Aug 2021 01:04 PM (IST)
UP Weather Update : मौसम विभाग का अनुमान... 29 अगस्त से मौसम में फिर परिवर्तन होने के आसार
धूप के बीच आसमान में बादल छाए रहेंगे।

कानपुर, जेएनएन। मानसूनी सिस्टम अब पूरी तरह से कमजोर पड़ गए हैं। 29 अगस्त से निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो सकता है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव होगा, जबकि आद्र्रता का स्तर बढऩे की संभावना है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग ने सितंबर में बारिश होने का आकलन किया है। मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि 29 अगस्त से मौसम में परिवर्तन होने के आसार हैं। बूंदाबांदी शुरू हो जाएगी, जबकि सितंबर के पहले हफ्ते में ठीक ठाक वर्षा की संभावना बन रही है। चार सितंबर को बारिश का आकलन हुआ है। बंगाल की खाड़ी से नमी लिए हवा आनी शुरू हो जाएगी। अरब सागर की हवा मैदानी क्षेत्रों में सिस्टम को मजबूत करने का प्रयास करेंगी। दोनों के मिलने से बारिश के आसार हो जाएंगे।

मानसून की ट्रफ रेखा मौजूदा समय में हिमालय की तलहटी में बनी हुई है। एक चक्रवाती हवा का क्षेत्र पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है। एक और चक्रवाती हवा का क्षेत्र बिहार के उत्तर पूर्वी हिस्से पर सक्रिय है। अगले 24 घंटे में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल, तमिलनाडु और लक्ष्यद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। गुरुवार को पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की मध्यम बारिश हुई। पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, केरल, आंतरिक तमिलनाडु, कर्नाटक में हल्की बारिश रिकार्ड हुई। कर्नाटक, कोंकण और गोवा, गुजरात और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में वर्षा हुई।

chat bot
आपका साथी