UP Weather Update: नम और शुष्क हवा के मिलन ने लगाया बारिश पर ब्रेक, बढ़ेगी गर्मी और उमस

यूपी में एक बार फिर बारिश पर ब्रेक लग गया है इस बार नम और शुष्क हवा के मिलने वजह बनी है। फिलहाल कानपुर समेत आसपास के जिलों में गर्मी और उमस का असर बढ़ेगा और चक्रवात के बनने पर बारिश होगी।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Thu, 26 Aug 2021 12:40 PM (IST) Updated:Thu, 26 Aug 2021 12:40 PM (IST)
UP Weather Update: नम और शुष्क हवा के मिलन ने लगाया बारिश पर ब्रेक, बढ़ेगी गर्मी और उमस
धूप के बीच आसमान में बादल छाए रहेंगे।

कानपुर, जेएनएन। बीते दो दिन से बन रहे बारिश की संभावनाओं पर नम और शुष्क हवाओं के मिलन ने रोक लगा दी है। बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवा मैदानी क्षेत्रों की ओर आ रही हैं, वहीं अरब सागर की ओर से शुष्क हवा खाड़ी देशों से होकर आ रही है। मैदानी क्षेत्रों में दोनों हवा के मिलने से तापमान में उतार चढ़ाव हो रहा है और चक्रवाती हवा काे कमजोर बना रही है। इससे आसमान में बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश के आसार न के बराबर ही रहेंगे। वहीं उमस और गर्मी का स्तर बढ़ने से एक बार फिर मुसीबत का सामना करना पड़ सकता है।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मौजूदा समय में सिस्टम कमजोर हो गए हैं। धूप के बीच में बादल छा सकते हैं। मानसून की टर्फ लाइन फिरोजपुर, करनाल, बरेली, गोरखपुर से होते हुए पूर्व की ओर अरुणाचल प्रदेश की तलहटी में जा रही है। एक चक्रवाती परिसंचरण तमिलनाडु तट के पास बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में समुद्र तल से लगभग 3.2 किलोमीटर ऊपर है। अगले 24 घंटे में सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, हिमाचल प्रदेश, नागालैंड, बिहार , पूर्वी उत्तर प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उत्तराखंड और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

शेष पूर्वोत्तर भारत, हिमाचल प्रदेश, झारखंड के कुछ हिस्सों, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात के कुछ हिस्सों और महाराष्ट्र में हल्की बारिश के आसार हैं। पिछले 24 घंटे में पूर्वोत्तर बिहार, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। शेष पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, कोंकण और गोवा, दक्षिण गुजरात में हल्की से मध्यम बारिश हुई। सौराष्ट्र और कच्छ, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, पंजाब, पश्चिम मध्य प्रदेश और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में हल्की बारिश हुई।

chat bot
आपका साथी