Weather Update Kanpur: आसमान पर छाए बादल, देर रात तक बारिश के असार

मौसम विभाग ने क्षेत्रवार वर्षा होने की संभावना जताई है और बदली छाई रहेगी। सितंबर के पहले हफ्ते तक मानसूनी सिस्टम सक्रिय रहेंगे और हवाओं की गति भी सामान्य से तेज रहेगी। इसका असर फिलहाल बना रहने की उम्मीद है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Mon, 30 Aug 2021 12:59 PM (IST) Updated:Mon, 30 Aug 2021 12:59 PM (IST)
Weather Update Kanpur: आसमान पर छाए बादल, देर रात तक बारिश के असार
कानपुर में बादलों से मौसम सुहावना हो गया है।

कानपुर, जेएनएन। यूपी में मानसूनी सिस्टम सक्रिय हो चुका और बारिश की प्रबल संभावनाएं बन रही हैं। कानपुर में आसमान पर दो दिन से बादल छाए हैं और देर रात तक बारिश के आसार जताए जा रहे हैं। मौसम विभाग की माने तो फिलहाल बदली छाई रहेगी और हवा भी सामान्य से तेज रहेगी। इसका असर अगले दो से तीन दिन रह सकता है।

कानपुर शहर में बीते दो दिनों से आसमान में बादल छाए हैं और बारिश की पूरी संभावना बनी हुई है। मौसम विज्ञानियों ने देर रात तक बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं यूपी के कुछ जिलों में मानसूनी सिस्टम सक्रिय हो गया है और बारिश हो सकती है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी पर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम बंगाल की खाड़ी से आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट पर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है।

नमी लिए हवा मैदानी क्षेत्रों की ओर आनी शुरू हो गई हैं। अरब सागर से भी हल्की नमी लिए हवा आ रही है। बारिश के लिए सिस्टम मुफीद बने हुए हैं। सितंबर तक वर्षा के आसार हैं। कानपुर समेत आसपास के जनपदों में बारिश होगी, लेकिन क्षेत्रवार होगी। कहीं ज्यादा तो कहीं कम की संभावना है। मानसून टर्फ अब फिरोजपुर, दिल्ली, ग्वालियर, सीधी, ओडिशा और आंध्र प्रदेश से बंगाल की खाड़ी से गुजर रही है। कम दबाव का क्षेत्र ओडिशा के दक्षिणी तट और आंध्र प्रदेश के ऊपर बना हुआ है। अन्य ट्रफ रेखा कर्नाटक तट से केरल तट तक फैली हुई है। अगले 24 घंटे के दौरान केरल, कर्नाटक और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना, लक्षद्वीप और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा, गुजरात क्षेत्र, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा संभव है। लद्दाख, शेष पूर्वोत्तर भारत और सौराष्ट्र और कच्छ में हल्की बारिश के आसार हैं। रविवार को लक्षद्वीप, केरल, तटीय कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में मध्यम से भारी बारिश हुई। असम के पश्चिमी हिस्सों, ओडिशा के कुछ हिस्सों, तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों, उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हुई। अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार के कुछ हिस्सों, झारखंड, छत्तीसगढ़ के बाकी हिस्सों तेलंगाना, तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक और कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।

chat bot
आपका साथी