Weather Update: यूपी के ऊपर बना चक्रवाती सिस्टम, तीन दिन में तेज बारिश के आसार

मौसम विभाग की मानें तो यूपी में तेज बारिश की संभावना बन गई है और हवा भी सामान्य से काफी तेज चलेगी। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से यूपी के ऊपर मानसूनी सिस्टम तेजी से सक्रिय हो गया है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 10:51 AM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 10:51 AM (IST)
Weather Update: यूपी के ऊपर बना चक्रवाती सिस्टम, तीन दिन में तेज बारिश के आसार
कानपुर में आसमान में छाई बदली से बारिश का इंतजार।

कानपुर, जेएनएन। गर्मी और उमस की परेशानी अगले कुछ दिन तक कम हो सकती है क्योंकि मौसमी सिस्टम फिर से सक्रिय हो गए हैं। यूपी के ऊपर चक्रवात बनने से अगले तीन दिन तेज बारिश के आसार हैं। हवा सामान्य से तेज चलेगी और बदली छाई रह सकती है। बीच बीच में धूप भी निकलने से उमस बढ़ने के साथ अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव हो सकता है।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती हवा का क्षेत्र बन गया है। मैदानी क्षेत्रों की ओर नमी लिए हवा आनी शुरू हो गई हैं। अरब सागर से भी हवा आ रही है। एेसे में उत्तर प्रदेश के ऊपर क्षेत्रीय चक्रवात विकसित हो गया है और बादलों की टर्फ लाइन मध्य प्रदेश के पास पहुंच गई है। इसके चलते मौसम के एक बार फिर से बदलने से बारिश की पूरी संभावना है। आसमान में हल्के मध्यम बादल छाए रह सकते हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 34.0, न्यूनतम 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ तो हवा 8.8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली थी।

उन्होंने बताया कि मंगलवार और बुधवार को हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और पश्चिम उत्तर प्रदेश में ठीक ठाक बारिश होने की उम्मीद है। उत्तर-मध्य मध्य प्रदेश पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ गया है। एक ट्रफ रेखा कर्नाटक से केरल तक फैली हुई है। उत्तर पश्चिमी राजस्थान पर एक चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना हुआ है। मंगलवार से पूरे उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय हो जाएगा। अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, कर्नाटक, केरल, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, कोंकण और गोवा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, सिक्किम, मिजोरम, त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश के आसार हैं। महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, बाकी ओडिशा, लक्षद्वीप में एक या दो स्थानों पर मध्यम बारिश की संभावना है।

chat bot
आपका साथी