हमारे पास नेता भी और विजन भी : अन्नपूर्णा देवी

भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र की चुनाव प्रभारी व केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री ने बोला यह बात।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 01:50 AM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 01:50 AM (IST)
हमारे पास नेता भी और विजन भी : अन्नपूर्णा देवी
हमारे पास नेता भी और विजन भी : अन्नपूर्णा देवी

जागरण संवाददाता, कानपुर : हमारे पास नेता भी हैं और विजन भी। उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव हम 350 सीटों के साथ जीतेंगें। यह बात केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री और भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की चुनाव प्रभारी बनाई गई अन्नपूर्णा देवी ने गुरुवार शाम को दैनिक जागरण से बातचीत में कही। वह कोडरमा, झारखंड जाने के लिए लखनऊ से कानपुर आई थीं।

उन्होंने कहा कि लोग भाजपा को वोट देने का मन बना चुके हैं। कभी भ्रष्टाचार के लिए पहचाना जाने वाला उत्तर प्रदेश आज अग्रणी प्रदेशों की श्रेणी में है। इसका कारण है कि हमारे पास नेता भी हैं और विजन भी। पिछले चुनाव में जिन लोगों ने भितरघात किया और जिनकी शिकायत की गई, उन पर पार्टी कैसे नजर रखेगी, इस पर उन्होंने कहा कि हमारा परिवार बड़ा है। कार्यकर्ता अनुशासित हैं और वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस चुनाव को जीतने को तैयार हैं। बच्चों की शिक्षा पर उन्होंने कहा कि कोरोना आपदा का किसी को पता भी नहीं था। पूरी दुनिया में बच्चों की पढ़ाई इससे प्रभावित हुई है। दूरदर्शन के जरिए बच्चों को शिक्षा दे रहे हैं। यह सच है कि हम सभी तक नहीं पहुंच पा रहे हैं लेकिन बच्चे शिक्षा से जुड़े हुए हैं।

इससे पहले वह शाम को लखनऊ से कानपुर आई। यहां सर्किट हाउस में वह भाजपा उत्तर व दक्षिण जिला पदाधिकारियों से मिलीं। उन्होंने स्थानीय स्तर की गतिविधियों और पार्टी के कार्यक्रमों के बारे में जानकारी ली। बताया कि 29 सितंबर को वह दोबारा कानपुर आएंगी। इस मौके पर उत्तर जिलाध्यक्ष सुनील बजाज, महामंत्री वीरेश त्रिपाठी, दक्षिण जिला महामंत्री शिवराम सिंह, राम बहादुर रहे।

chat bot
आपका साथी