Vikas Dubey News : सोशल मीडिया से लोकप्रियता बढ़ा रहा था विकास दुबे, उसके गुर्गे अपडेट करते थे फेसबुक पेज

विकास के एनकाउंटर के तीसरे दिन हटाया गया फेसबुक पेज अमर प्रभात और गुड्डन के जिम्मे था काम।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Mon, 13 Jul 2020 12:08 AM (IST) Updated:Mon, 13 Jul 2020 07:44 AM (IST)
Vikas Dubey News : सोशल मीडिया से लोकप्रियता बढ़ा रहा था विकास दुबे, उसके गुर्गे अपडेट करते थे फेसबुक पेज
Vikas Dubey News : सोशल मीडिया से लोकप्रियता बढ़ा रहा था विकास दुबे, उसके गुर्गे अपडेट करते थे फेसबुक पेज

कानपुर, [आशीष पांडेय]। आठ पुलिस कर्मियों की हत्या करने के बाद मुठभेड़ में मारा गया डिजिटल प्लेटफार्म के जरिए अपनी लोकप्रियता बढ़ाना चाहता था। इसके लिए उसके कुनबे के ही युवाओं ने उसका सोशल अकाउंट संभाल रखा था। विकास दुबे का फेसबुक पेज शार्प शूटर अमर, प्रभात और शार्गिद गुड्डन त्रिवेदी अपडेट करते थे। एनकाउंटर के तीसरे दिन ही विकास दुबे का फेसबुक पेज हटा दिया गया।

बदलते समय के साथ विकास भी खुद को अपडेट रखना चाहता था। लोकप्रियता बढ़ाने के लिए उसने डिजिटल प्लेटफार्म का सहारा लिया। इसे अपडेट करने की जिम्मेदारी उसके गुर्गों पर थी। राजनीतिक मंच हो या सांस्कृतिक कार्यक्रम, गुर्गे ही उसके पेज पर हर मौके की फोटो अपलोड करते थे। आखिरी अपडेट मैथा तहसील के कोड़वा गांव में झारखंडेश्वर मंदिर में धनुष यज्ञ कार्यक्रम का था। उसकी कवरेज का अपडेट शार्गिद गुड्डन त्रिवेदी ने किया था। विकास के एनकाउंटर के तीसरे दिन विकास का फेसबुक पेज हटा दिया गया।

प्रभात को दिखाया था प्रधानी के चुनाव का सपना

ग्रामीणों के मुताबिक इंटरमीडिएट की परीक्षा पास करने वाले गिरोह के सदस्य प्रभात को विकास ने प्रधानी का सपना दिखाया था। इंटरमीडिएट में 66 फीसद अंक प्राप्त करने के बाद प्रभात आगे की पढ़ाई नहीं करना चाह रहा था। वह चुनाव की तैयारियों में जुट गया था। विकास ने उसे क्षेत्र में हनक बनाने और लोकप्रियता बढ़ाने को कहा था।

अमर दुबे ने बना रखे थे दो फेसबुक अकाउंट

अमर दुबे ने अपनी लोकप्रियता बढ़ाने के लिए फेसबुक पर दो अकाउंट बना रखे थे। अकाउंट खंगालने पर पता चला कि उसके साथी अलग-अलग नामों से उसे बुलाते थे। कोई आंतक का दूसरा नाम तो कोई उसे शेरा, जवाहर, रुद्र कहता था। वहीं अमर के एनकाउंटर के बाद उसके दो साथियों ने कमेंट करके लिखा है कि भाई बहुत याद आओगे।  

chat bot
आपका साथी