दिल्ली पुलिस की कस्टडी से फरार शातिर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की कस्टडी से शनिवार को फरार हुए शातिर बदमाश रोहित को नजीराबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 01:36 AM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 01:36 AM (IST)
दिल्ली पुलिस की कस्टडी से फरार शातिर गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की कस्टडी से फरार शातिर गिरफ्तार

जेएनएन, कानपुर : दिल्ली पुलिस की कस्टडी से शनिवार को फरार हुए शातिर बदमाश रोहित को नजीराबाद पुलिस और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने जेके नहरिया रोड के समीप से रविवार रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपित यहा किदवई नगर में रहने वाले मामा के घर आया था। नजीराबाद थाना प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी क्षेत्र का रहने वाला रोहित शातिर लुटेरा है। उसके खिलाफ दिल्ली के थानों में 10 मुकदमे दर्ज हैं। शनिवार को दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाने की पुलिस ने रोहित को लूट के एक मामले में गिरफ्तार किया था। इसके बाद वह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। न्यू अशोक नगर थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। रविवार को दिल्ली पुलिस को रोहित की लोकेशन कानपुर मिली। इस पर शहर पुलिस से संपर्क किया। चूंकि रोहित के मामा का घर किदवई नगर थाना क्षेत्र में है, लिहाजा किदवई नगर पुलिस के साथ ही साउथ जोन के अन्य थानों की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया। रविवार रात रोहित नजीराबाद थाना क्षेत्र में जेके नहरिया रोड पर पकड़ा गया। थाना प्रभारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस की टीम उसे साथ ले जाएगी और कोर्ट में पेश करेगी। शादी के एक हफ्ते बाद पेड़ पर लटका मिला वैन चालक का शव, बिठूर : बिठूर थाना क्षेत्र के मकसूदाबाद में रहने वाले 30 साल के वैन चालक अनुज कुमार अग्निहोत्री का शव शादी के एक हफ्ते बाद ही बिल्हौर के नानामऊ तिराहे के पास पेड़ से लटका मिला। अनुज की शादी बीती 5 जून को सचेंडी भैरमपुर की पुष्पा से हुई थी। इसके बाद अनुज 8 जून को अचानक लापता हो गया था। गुमशुदगी की रिपोर्ट बिठूर थाने में 9 जून को स्वजन ने दर्ज कराई थी। शव तीन से चार दिन पुराना लग रहा था। जेब में मिली डायरी में लिखे परिजनों के मोबाइल नंबरों के जरिये अनुज की शिनाख्त हुई। डायरी में लिखा था सॉरी मां स्वजन के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मां कुसमलता और दो छोटे भाई नीतू और अतुल अनुज की मौत से टूट गए। पिता उमाशंकर की मौत के बाद से अनुज वैन चलाकर घर का खर्च चलाता था। नशेबाजी पर बजरिया में दो पक्षों के बीच मारपीट, पथराव, कानपुर : बजरिया में हरसहाय कॉलेज के पीछे रविवार रात नशेबाजी को लेकर पक्षों में जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव भी किया। हमले में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपित फरार हो गए। उनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक पुराना सीसामऊ में कुछ युवक रास्ते में खड़े होकर नशेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के युवकों ने आकर विरोध किया तो नोकझोंक हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों से दर्जनों लोग लाठी डंडे लेकर आपस में भिड़ गए। हमले में विक्की वाल्मीकि व दूसरे पक्ष से मन्नू सिंह समेत तीन लोग घायल हो गए। विक्की का आरोप है कि मन्नू सिंह के साथियों ने गालीगलौज के बाद मारपीट शुरू कर दी। वहीं दूसरे पक्ष ने विक्की के साथियों पर नशेबाजी करने का आरोप लगाया। थाना प्रभारी राममूर्ति यादव ने बताया कि दोनों पक्षों में नशेबाजी को लेकर मारपीट व पथराव हुआ है। एक पक्ष की ओर से तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। हमलावरों की तलाश में दो टीमें लगाई गई हैं।

संपत्ति विवाद में भिड़े दो परिवार, मारपीट : कानपुर : कर्नलगंज की चुन्नीगंज चौकी के पास रविवार रात संपत्ति विवाद को लेकर दो परिवारों के बीच मारपीट हो गई। कर्नलगंज एसीपी त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि चौकी के पास रहने वाली लक्ष्मी राजपूत और उनके भाई दिनेश के बीच संपत्ति को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। रविवार रात किसी बात पर नोकझोंक हुई। तब दिनेश व लक्ष्मी के देवर आपस में भिड़ गए। महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना के बाद कार्रवाई होगी।

chat bot
आपका साथी