कानपुर नगर निगम की बड़ी दिलचस्प दास्तां, 12 साल पहले अपने किए वादे को एक पल में भूली

दो दिन पहले सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने नगर निगम सदन में कलक्टरगंज बाजार का नाम व्यापारी नेता श्याम बिहारी मिश्रा के नाम पर रखने की बात कही। इसके अलावा उनके नाम पर एक चौक और एक स्मारक बनाने के लिए कहा।

By Akash DwivediEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 08:09 AM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 08:09 AM (IST)
कानपुर नगर निगम की बड़ी दिलचस्प दास्तां, 12 साल पहले अपने किए वादे को एक पल में भूली
नगर निगम के अधिकारियों को याद दिलाने की तैयारी में जुटे हैं कि इसका नाम अयोध्या नगर है

कानपुर (राजीव सक्सेना)। स्थलों के नामों को बदलने की होड़ इतनी ज्यादा मची हुई है कि कई बार याद ही नहीं रहता कि जिसका नाम बदलने की बात कही जा रही, उसका नाम पहले ही बदला जा चुका है। दो दिन पहले नगर निगम सदन में कलक्टरगंज बाजार का नाम पूर्व सांसद और व्यापारी नेता श्याम बिहारी मिश्रा के नाम पर करने की बात रखी गई और सदन ने उसे पास कर दिया। दिलचस्प यह कि 12 वर्ष पहले 11 सितंबर 2009 को नगर निगम की नामकरण समिति इस बाजार का नाम अयोध्या नगर कर चुकी है। क्योंकि शहर की प्रमुख परेड रामलीला के बाद भरत मिलाप का कार्यक्रम कलक्टरगंज बाजार में ही वर्षों से हो रहा है। जिन लोगों ने नाम अयोध्या नगर रखवाने का अभियान शुरू किया था, वे नगर निगम के अधिकारियों को याद दिलाने की तैयारी में जुटे हैं कि इसका नाम अयोध्या नगर है।

दो दिन पहले सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने नगर निगम सदन में कलक्टरगंज बाजार का नाम व्यापारी नेता श्याम बिहारी मिश्रा के नाम पर रखने की बात कही। इसके अलावा उनके नाम पर एक चौक और एक स्मारक बनाने के लिए कहा। सदन में सभी ने इस पर सहमति दे दी। दूसरी ओर कांग्रेस के पूर्व सांसद नरेश चंद्र चतुर्वेदी के पुत्र और अयोध्या नगर सेवा समिति के अध्यक्ष अरविंद चतुर्वेदी के मुताबिक राम-भरत का मिलाप अयोध्या में हुआ था और शहर में भरत मिलाप कलक्टरगंज में होने की वजह से इसका नाम अयोध्या नगर रखने की योजना बनी थी। उन्होंने और श्याम बिहारी मिश्रा ने इस नाम को फाइनल किया था। श्याम बिहारी मिश्रा ने ही वर्ष 2008 के भरत मिलाप कार्यक्रम में मंच पर तत्कालीन महापौर रवींद्र पाटनी से कलक्टरगंज का नाम अयोध्या नगर करने के लिए कहा था। तत्कालीन केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल भी मंच पर थे और उन्होंने माइक से सहमति जताई थी। इसके बाद नगर निगम की नामकरण समिति ने 11 सितंबर 2009 को कलक्टरगंज बाजार का नाम अयोध्या नगर कर दिया। बाजार के बहुत से कारोबारियों ने कलक्टरगंज के साथ अयोध्या नगर भी बोर्ड पर लिखना शुरू कर दिया। इस संबंध में तत्कालीन महापौर रवींद्र पाटनी से बात की तो उन्होंने कोई भी प्रतिक्रिया देने से इन्कार कर दिया।

1866 में शुरू हुआ था बाजार : 19 अक्टूबर 1866 को कलक्टरगंज बाजार का उद्घाटन हुआ था। उस समय कलक्टर विलियम स्टॄलग हेलसी ने इस बाजार को बसाया था।

इनका ये है कहना

इस मामले में नगर निगम में जाकर बताया जाएगा। कलक्टरगंज पहले ही अयोध्या नगर हो चुका है। कूपरगंज बाजार का नाम स्वर्गीय श्याम बिहारी मिश्रा के नाम पर किया जा सकता है।

                                                         - अरविंद चतुर्वेदी, अध्यक्ष, अयोध्या नगर सेवा समिति। सौ वर्षों से अधिक समय से कलक्टरगंज में भरत मिलाप का कार्यक्रम होता आ रहा है। इसका नाम अयोध्या नगर करने के लिए कानपुर गल्ला आढ़तिया संघ, भरत मिलाप आयोजन समिति के साथ क्षेत्रीय निवासियों और व्यापारियों की भी सहमति थी। - ज्ञानेश मिश्र, महामंत्री, भरत मिलाप आयोजन समिति। मामला दिखवा लेते हैं। अगर कलक्टरगंज का नाम अयोध्या नगर किया जा चुका है तो नाम वही रहेगा। नाम नहीं बदला जाएगा।               - प्रमिला पांडेय, महापौर, कानपुर नगर। 

chat bot
आपका साथी