Weather Update Kanpur: कुछ दिन और इंतजार, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश जा रहीं बारिश वाली हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश मध्य प्रदेश दिल्ली के ऊपर बना मानसूनी सिस्टम अभी कमजोर है। मानसून की झमाझम बारिश होने में अभी कुछ और दिन इंतजार करना पड़ सकता है। अरब देशों की गर्म हवाओं का वर्चस्व बढ़ रहा है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Tue, 06 Jul 2021 10:52 AM (IST) Updated:Tue, 06 Jul 2021 10:52 AM (IST)
Weather Update Kanpur: कुछ दिन और इंतजार, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश जा रहीं बारिश वाली हवाएं
कानपुर में गर्मी और उमस से हाल बेहाल है।

कानपुर, जेएनएन। गर्मी और उमस का पारा बढ़ता जा रहा है और मानसून के 10 जुलाई के बाद भी तेजी से सक्रिय होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। अधिकतम तापमान का स्तर फिर से बढ़ने लगा है और उमस का सितम बना हुआ है। अरब सागर से बारिश कराने वाली हवाओं का रुख पाकिस्तान, बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाएं श्रीलंका तो कभी बांग्लादेश की ओर चली जा रही हैं। इनके मैदानी क्षेत्रों में आने की वजह से अरब देशों की गर्म हवा का वर्चस्व बढ़ता ही जा रहा है और फिलहला मानसून की झमाझम बारिश के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।

कानपुर शहर में भी भीषण गर्मी और उमस से हाल बेहाल है। बीते दस दिनों से लगातार पारा बढ़ रहा है और मैदानी क्षेत्रों में गर्म हवाओं की तेजी बनी है। बार बार आसमान में बादल आते हैं लेकिन ठिठक जा रहे हैं, मानसून सक्रिय हुआ लेकिन फिर सिस्टम कमजोर पड़ जाने से बारिश नहीं हुई। गर्मी से परेशान लोग बारिश के लिए आसमान की ओर टकटकी लगाए हैं।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्याेगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मानसून को पूरी तरह से सक्रिय होने में कुछ दिन और लग सकते हैं। क्षेत्रीय स्तर पर बारिश होने की संभावना है। एक ट्रफ रेखा उत्तर प्रदेश की तलहटी से बिहार, पश्चिम बंगाल, असोम, नागालैंड तक फैली हुई है। पश्चिमी विक्षोभ को जम्मू-कश्मीर के उत्तरी हिस्सों पर चक्रवाती हवा के क्षेत्र के रूप में देखा जा रहा है। पंजाब और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। उत्तर दक्षिण ट्रफ रेखा पूर्वोत्तर बिहार से झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा तट तक फैली हुई है।

उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटे में केरल, कर्नाटक, रायलसीमा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असोम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा के अलग-अलग हिस्सों, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा, पश्चिमी हिमालय और दक्षिण पूर्व राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धूल भरी आंधी चल सकती है।

chat bot
आपका साथी