UP Panchayat Chunav Result 2021: फर्रुखाबाद में मुन्नी देवी-सुरेंद्र सिंह का 26 साल पुराना रिकॉर्ड बरकरार, प्रधान पद पर दर्ज की जीत

UP Panchayat Chunav Result 2021 मुन्नी देवी भास्कर वर्ष 1995 से लगातार प्रधान पद का चुनाव जीत रही हैं। रविवार देर रात घोषित हुए परिणाम में वह छठीं बार ग्राम पंचायत चांदपुर की प्रधान का चुनाव जीत गईं। उनके पुत्र विजय भास्कर बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके हैं।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Mon, 03 May 2021 11:41 PM (IST) Updated:Mon, 03 May 2021 11:41 PM (IST)
UP Panchayat Chunav Result 2021: फर्रुखाबाद में मुन्नी देवी-सुरेंद्र सिंह का 26 साल पुराना रिकॉर्ड बरकरार, प्रधान पद पर दर्ज की जीत
विजयी घोषित होने के बाद मुन्नी देवी और सुरेंद्र सिंह को प्रमाण पत्र देते हुए अधिकारी।

फर्रुखाबाद, जेएनएन। [result sec.up.nic.inबढ़पुर विकास खंंड की ग्राम पंचायत चांदपुर के विकास कार्यों को प्रदेश स्तर पर पहचान दिलाकर दो बार पुरस्कार पाने वाली मुन्नी देवी भास्कर ने लगातार छठीं बार ग्राम प्रधान के चुनाव पर जीत दर्ज की है। अपनी विजय पर मुन्नी देवी ने कहा कि प्रधान बनने के बाद गांव का हर व्यक्ति उनका अपना है। वह किसी से मनमुटाव नहीं रखतीं। यही मंत्र कारगर साबित हुआ और लोगों ने उन्हें छठीं बार भी आशीर्वाद दिया।

 पंचायत सशक्तीकरण का मिल चुका पुरस्कार: मुन्नी देवी भास्कर वर्ष 1995 से लगातार प्रधान पद का चुनाव जीत रही हैं। रविवार देर रात घोषित हुए परिणाम में वह छठीं बार ग्राम पंचायत चांदपुर की प्रधान का चुनाव जीत गईं। उनके पुत्र विजय भास्कर बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने इस बार सपा नेता महेंद्र सिंह कटियार की पुत्रवधू सुचि कटियार को 177 वोटों से पराजित किया। जीत का प्रमाण पत्र लेने के बाद मुन्नी देवी ने बताया कि वर्ष 2019 में उन्हें मुख्यमंत्री से पुरस्कार मिला था। वर्ष 2020 में उन्हें पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार दिया गया।

 सुरेंद्र सिंह यादव ने भी बरकरार रखा रिकॉर्ड: नवाबगंज विकास खंड की ग्राम पंचायत कोकापुर से वर्ष 1995 से लगातार प्रधानी का चुनाव जीत रहे सुरेंद्र सिंह यादव इस बार भी चुनाव मैदान में थे। सोमवार दोपहर बाद उनकी ग्राम पंचायत के मतों की गिनती शुरू हुई। जिसमें सुरेंद्र सिंह यादव ने 17 मतों से चुनाव जीत लिया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बृजमोहन को चुनाव हराकर लगातार छठीं बार प्रधान बनने का कीर्तिमान स्थापित किया। सुरेंद्र सिंह यादव को 511 मत मिले। जबकि दूसरे स्थान पर रहे बृजमोहन को 494 मत मिले। सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि वह पूरी ईमानदारी से बिना भेदभाव के गांव में विकास कार्यों को गति दे रहे हैं। इसी वजह से गांव की जनता उन्हें लगातार स्नेह दे रही है।

chat bot
आपका साथी