UP Panchayat Chunav: जालौन के सरैनी गांव में फायरिंग से मची भगदड़, तीन महिलाओं समेत छह घायल

जालौन के सिरसा कलार थाना क्षेत्र के सरैनी गांव में फर्जी वोटिंग को लेकर प्रत्याशियों के बीच विवाद के बाद माहौल बिगड़ गया। दोनों पक्षों से घायल लोगों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया है। गांव में शांति व्यवस्था के मद्​देनजर फोर्स तैनात की गई है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Mon, 26 Apr 2021 06:22 PM (IST) Updated:Mon, 26 Apr 2021 06:22 PM (IST)
UP Panchayat Chunav: जालौन के सरैनी गांव में फायरिंग से मची भगदड़, तीन महिलाओं समेत छह घायल
फर्जी वोटिंग को लेकर हुए विवाद में दो पक्ष भिड़े।

जालौन, जेएनएन। पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद पंचायत चुनाव छिटपुट घटनाओं का सिलसिला जारी है। जलौन के सरैनी ग्राम में फर्जी वोट डालने को प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के बीच जमकर लाठी डंडे चले और फायरिंग हुई, जिससे भगदड़ मच गई। घटना में तीन महिलाओं समेत दोनों पक्षों के छह लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया है। मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचने के बाद हालात काबू में हैं।

सिरसा कलार थाना क्षेत्र के ग्राम सरैनी में प्रधान पद के प्रत्याशी सोमनाथ के पक्ष में कुछ लोग वोट डाल रहे थे। तभी प्रधान पद के प्रत्याशी वीरपाल के समर्थकों ने फर्जी वोटिंग का आरोप लगाते हुए विरोध किया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग बूथ पर ही झगडा़ करने लगे। मौके पर मतदान कर्मियों ने बूथ पर दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग गांव पहुंचे, जहां फिर विवाद होने पर एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। इसके बाद मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी डंडे चले।

मारपीट में एक पक्ष के राघवेन्द्र अमरपाल व शैलेन्द्र सहित चार महिलाएं व दूसरे पक्ष के लोकेन्द्र सुमित कल्लू आदि घायल हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस फोर्स गांव पहुंच गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इसके बड़ी संख्या में फोर्स सरैनी गांव में तैनात कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह का कहना है कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, अब हालात सामान्य हैं। मतदान पर कोई असर नहीं पड़ा है।

chat bot
आपका साथी