UP BEd JEE Result 2021: उन्नाव की प्रज्ञा ने जेईई परीक्षा में किया टॉप, महिला वर्ग में पाया दूसरा स्थान
बीएड प्रवेश परीक्षा के नतीजे में महिला वर्ग में जिले की बेटी प्रज्ञा गुप्ता ने प्रदेश में दूसरा स्थान लाकर सफलता का परचम लहराया है। नतीजों में प्रज्ञा ने महिला वर्ग में दूसरी तो प्रदेश में महिला व पुरुष वर्ग को मिलाकर संयुक्तरूप से 20वीं रैंक हासिल किया।
उन्नाव, जेएनएन। UP B.ed JEE Result 2021 जिले में छह अगस्त को 12 केंद्रों पर हुई बीएड जेईई (संयुक्त प्रवेश परीक्षा) का परिणाम शुक्रवार दोपहर दो बजे घोषित हो गया। महिला वर्ग में जिले की प्रज्ञा गुप्ता ने परीक्षा टापरों की सूची में प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। बेटी की शानदार सफलता पर माता, पिता, भाई व बहन ने प्रज्ञा को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। परीक्षा में पंजीकृत 3930 के सापेक्ष 3581 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। जिसमें 3539 ही सफल और 42 असफल हुए हैं।
बीएड प्रवेश परीक्षा के नतीजे में महिला वर्ग में जिले की बेटी प्रज्ञा गुप्ता ने प्रदेश में दूसरा स्थान लाकर सफलता का परचम लहराया है। नतीजों में प्रज्ञा ने महिला वर्ग में दूसरी तो प्रदेश में महिला व पुरुष वर्ग को मिलाकर संयुक्तरूप से 20वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया। बीघापुर के लालकुंआ गांव की रहने प्रज्ञा के पिता राम आसरे गुप्ता किराना व्यवसायी हैं। मां सुनीता गुप्ता कुशल ग्रहणी हैं। प्रज्ञा ने बताया कि वह सीजीएल (कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल परीक्षा) के माध्यम से एसएससी की तैयारी कर रही हैं। प्रज्ञा ने कहा कि बीएड में दाखिला लेकर शिक्षक बनेंगी लेकिन एसएससी की तैयारी में भी जुटी हैं। प्रज्ञा ने हाईस्कूल में 92.5, इंटर में 91.4 फीसद अंक पाए थे। दोनों कक्षाओं में टाप करने के लिए डीएम ने उन्हें लैपटाप देकर सम्मानित भी किया था। प्रज्ञा की बड़ी बहन स्नेहिल गुप्ता बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षिका हैं।