UP Assembly Election 2022: बसपा ने चुनाव के लिए कानपुर से की शुरुआत, नौशाद अली ने विस प्रभारी के नाम का किया एलान

UP Assembly Election 2022 बिधनू ओरियारा में बसपा की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में भाजपा के कार्यकर्ता भी दिखाई दिए। हाल ही में बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद बिधनू ब्लाक प्रमुख बने अरुण कुमार कार्यक्रम में पहले की तरह एक बसपा कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय दिखे।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 08:46 PM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 08:46 PM (IST)
UP Assembly Election 2022: बसपा ने चुनाव के लिए कानपुर से की शुरुआत, नौशाद अली ने विस प्रभारी के नाम का किया एलान
कानपुर के बिधनू में आयोजित जनसभा में मंच पर मौजूद नौशाद अली।

कानपुर, जेएनएन। UP Assembly Election 2022 बहुजन समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए बिठूर विधानसभा सीट से प्रचार का आगाज किया। बिधनू ब्लाक के ओरियारा गांव में मंगलवार को जिला स्तरीय संगठन समीक्षा में मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी नौशाद अली ने पूर्व ब्लाक प्रमुख रमेश यादव को विधानसभा प्रभारी घोषित कर दिया। समीक्षा बैठक के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों से कार्यक्रम स्थल पर हजारों की तादात में लोग पहुंचे। 

कहा, बसपा ने हर समाज का किया सम्मान: कानपुर मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी व पूर्व एमएलसी नौशाद अली ने कहा कि बहन मायावती ने अब तक हर समाज को सम्मान दिया है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पार्टी ने बिठूर सीट से रमेश यादव को फिर विधानसभा प्रभारी घोषित किया है। 

विरोधी पार्टियों पर बोला हमला: नौशाद अली ने कहा कि अभी तक कांग्रेस, भाजपा और सपा ने केवल लोगों को जातिवाद में बांटकर हिंसा और दंगे कराए हैं। वहीं बसपा ने हर समाज को जोड़कर उसे एक करने का काम किया है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने देश और प्रदेश में जुमलेबाजी की है। नोटबंदी करके देश की जनता से उसका ही पैसा छीन लिया। वहीं विदेश से काला धन आज तक वापस नहीं लौटा और न ही लोगों के खाते में 15-15 लाख रुपये पहुंचे। 

पंचायत चुनाव को लेकर साधा निशाना: नौशाद अली ने कहा कि अभी हाल में हुए पंचायत चुनाव में भाजपा ने गुंडागर्दी से ब्लाक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्य के साथ ग्राम प्रधान बनाये हैं। इसके पहले यही सपा सरकार में भी देखने को मिला था। जबकि बसपा सरकार में इस तरह की कभी कोई धांधली नहीं हुई। इसी बीच सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक व एमएलसी भीमराव अंबेडकर ने कहा कि प्रदेश की बहू बेटी केवल बसपा की सरकार में खुद को सुरक्षित महसूस करती थी। उन्होंने बाबा साहेब डा. भीमराव अांबेडकर के बारे में लोगों को जानकारी देते हुए बताया कि वह भारत की शान थे। जिनके नक्शे कदम पर ही बहन मायावती चल रही हैं। 

बसपा की समीक्षा बैठक में दिखी भाजपा: बिधनू ओरियारा में बसपा की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में भाजपा के कार्यकर्ता भी दिखाई दिए। हाल ही में बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद बिधनू ब्लाक प्रमुख बने अरुण कुमार सुबह से ही कार्यक्रम में पहले की तरह एक बसपा कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय दिखे। इसी तरह कई भाजपा और सपा के छोटे क्षेत्रीय कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में रहे।

दो गज दूरी मास्क है जरूरी का नहीं हुआ पालन: बिधनू ओरियारा में मंगलवार को हुई बसपा जिला स्तरीय समीक्षा बैठक को एक विशाल जनसभा का रूप दे दिया गया। कार्यक्रम में पूर्व ब्लाक प्रमुख रमेश यादव के बिठूर विधानसभा प्रभारी बनाये जाने पर हजारों की संख्या में बसपा समर्थक रैलियां लेकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। भीड़ के मुताबिक जगह कम होने से कोरोना प्रोटोकाल का पालन नहीं हो सका। दो गज की दूरी तो बनाना संभव रहा है नहीं, बल्कि अधिकांश लोगों ने मास्क भी नहीं लगाये। साथ ही मंच पर भी रमेश यादव समेत कई बड़े नेता भी बिना मास्क के दिखे।

 

chat bot
आपका साथी