सांसद साक्षी महाराज ने विपक्षियों को संविधान पर दी नसीहत, कांग्रेस प्रवक्ता के लिए कही बड़ी बात

उन्नाव सीट से सांसद साक्षी महाराज अक्सर अपने बड़बोले बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। बीते दिनों कुछ बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे सांसद ने फिर संविधान को लेकर विपक्षियों को नसीहत दी है तो कांग्रेस प्रवक्ता पर भी पलटवार किया है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sat, 27 Nov 2021 01:09 PM (IST) Updated:Sat, 27 Nov 2021 01:09 PM (IST)
सांसद साक्षी महाराज ने विपक्षियों को संविधान पर दी नसीहत, कांग्रेस प्रवक्ता के लिए कही बड़ी बात
उन्नाव में सांसद साक्षी महाराज ने बयानों से किया पलटवार।

उन्नाव, जागरण संवाददाता। विपक्ष ही नहीं कभी कभी पार्टी पर भी टिप्पणी करके सुर्खियों में रहने वाले सांसद साक्षी महाराज ने एक बार फिर विरोधियों पर निशाना साधा है। अब संसद के केंद्रीय कक्ष में संविधान दिवस पर आयोजित समारोह का बहिष्कार करने वालों पर बयान देकर सांसद साक्षी महाराज ने कटाक्ष किया है। उन्होंने विपक्षियों पर संविधान का मखौल उड़ाने पर नाराजगी जताई है और दोबारा ऐसी गलती न करने की नसीहत तक दी है। वहीं जेवर एयरपोर्ट को लेकर टिप्पणी करने वाले कांग्रेस प्रवक्ता पर भी पलटवार किया है।

उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा है कि संसद के केंद्रीय कक्ष में 'संविधान दिवस' समारोह का बहिष्कार करके विपक्षी संविधान का मखौल उड़ा रहे हैं। ऐसा पहली बार नहीं है, वो हमेशा ही संविधान की धज्जियां उड़ाते रहे हैं। अगर उनकी संविधान के प्रति आस्था होती तो इस तरह की गलतियां नहीं करते। सांसद ने जेवर एयरपोर्ट के लिए किसानों की अधिगृहीत जमीन का मुआवजा न देने की बात कहने वाले कांग्रेस प्रवक्ता पर भी पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि वो किसान नहीं हैं, जो गेहूं और जौ की बालियां तक नहीं जानते और किसानों की बात करते हैं। उन्हें पता ही नहीं कि जेवर एयरपोर्ट के लिए अधिगृहीत भूमि के मालिक किसानों को सरकार चार गुना मुआवजा दे रही है।

हाल में दिये सांसद साक्षी महाराज के बयान

कृषि कानूनों की वापसी : सांसद ने कहा था- बिल तो बनते रहते हैं, बिगड़ते रहते हैं, वापस आ जाएंगे, दोबारा बन जाएंगे, कोई देर नहीं लगती है। भारतीय जनता पार्टी के लिए प्रथम राष्ट्र है और राष्ट्र सर्वोपरि है। मोदी ने बिल और राष्ट्र में से राष्ट्र को चुना है।

सिद्धू को भी दे चुके सलाह : साक्षी महाराज ने पंजाब के कांग्रेस नेता सिद्धू को उनके पाकिस्तान के पीएम को अपना बड़ा भाई बताने वाले बयान पर भी नसीहत दे चुके हैं। कहा था कि सिद्धू के बयानों से उनकी पार्टी संकट में फंस जाती है, पर मैं संत होने के नाते सलाह देता हूं कि छोटे भाई को बड़े भाई के पास ही रहना चाहिए। वह बड़ा भाई मानते हैं तो पाकिस्तान चले जाना चाहिए।

राकेश टिकैत पर कसा था तंज : साक्षी महाराज ने राकेश टिकैत पर तंज कसा था। बीते दिनों कार्यक्रम में कहा था कि राकेश टिकैत क्या कहते हैं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। किसानों को मोदी पर भरोसा है, मोदी जो करेंगे वह राष्ट्र के हित में करेंगे।

मैदान में आकर युद्ध लड़ें राहुल-प्रियंका : कुछ दिन पहले एक कार्यक्रम में सांसद साक्षी महाराज ने राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा पर हमला बोला था। उन्होंने चैलेंज करते हुए कहा था की राजनीति के पप्पू को जवाब देने का कोई औचित्य नहीं है। 2022 चुनाव सामने हैं और युद्ध के मैदान में आएं युद्ध लड़ें।

खिसियानी बिल्ली नोच रही खंभा : सांसद साक्षी महाराज ने समाजवादी पार्टी की विजय यात्रा को लेकर अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा था। उन्होंने अखिलेश यादव के लिए कहा था की खिसियानी बिल्ली खंभा नोच रही है। विजय यात्रा निकालने से विजय नहीं होती है, विजय तो रामजी की कृपा से योगी और मोदी के साथ है।

chat bot
आपका साथी