Lockdown के शोर से फिर घर लौटने की लगी होड़, उन्नाव में Highway पर दिखी बंपर भीड़

कोरोना महामारी के देश भर में पांव पसारने और प्रमुख रूप से दिल्ली महाराष्ट्र गुजरात झारखंड में लॉकडाउन की घोषणा या फिर इसके हालात बनने से लोगों में भय व्याप्त हो गया है। वहां रहकर रोजी-रोटी चला रहे लोग अब वहां से रोजगार छोड़कर पलायन कर रहे हैं।

By Akash DwivediEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 08:39 PM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 08:39 PM (IST)
Lockdown के शोर से फिर घर लौटने की लगी होड़, उन्नाव में Highway पर दिखी बंपर भीड़
मजदूरों से भरी बसों को दिल्ली की तरफ से आते हुए देखा गया

कानपुर, जेएनएन। दिल्ली में लॉकडाउन लगाने का आदेश जारी होने के बाद अन्य प्रदेशों में भी इसका व्यापक असर होने लगा। लोग काम धंधा छोड़कर एक बार फिर घर वापस लौटने लगे हैं। इससे रेलवे स्टेशनों पर वहां से आने वालों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। अभी तक महाराष्ट्र से आने वालों की संख्या अधिक थी, लेकिन अब अन्य प्रदेशों से भी लोगों का पलायन की कहानी रेलवे स्टेशन से लेकर हाईवे और एक्सप्रेस-वे पर साफ देखी जा सकती है।

कोरोना महामारी के देश भर में पांव पसारने और प्रमुख रूप से दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, झारखंड में लॉकडाउन की घोषणा या फिर इसके हालात बनने से लोगों में भय व्याप्त हो गया है। वहां रहकर रोजी-रोटी चला रहे लोग अब वहां से रोजगार छोड़कर पलायन कर रहे हैं। हजारों की संख्या से ट्रेनों व अन्य साधनों से लोग वापस आ रहे हैं। मंगलवार को उन्नाव स्टेशन पर पांच ट्रेनों से 300 से अधिक लोगों ने वापसी की। इनमें महाराष्ट्र व दिल्ली के अधिक हैं।

दिल्ली का लॉकडाउन सुन छोड़ दिया मुंबई : मंगलवार को महाराष्ट्र से लौटे सजीत ङ्क्षसह निवासी जमाल नगर मियागंज के अनुसार दिल्ली में लॉकडाउन लगने और महाराष्ट्र में इसके पूरे आसार होने के बाद ही वे लोग वहां से निकले हैं। अब वहां जाने के बारे में महामारी शांत होने के बाद ही विचार करेंगे। वहीं हिलौली के पारा निवासी उमेश कुमार ने बताया कि महाराष्ट्र में सिर्फ लॉकडाउन की घोषणा भर बाकी है। वहां की भी स्थिति बेहद खराब है। लोगों को समय से राशन व अन्य सामान तक मिल पाना मुश्किल हो रहा है। इसके चलते वे अपने गांव लौटे हैं।

सीट नहीं तो छत सही, बस घर पहुंचने की जल्दी : कोरोना महामारी की दूसरी लहर के चलते लॉकडाउन के भय से प्रवासी मजदूरों का बड़े पैमाने पर पलायन शुरू हो गया है। बांगरमऊ नगर के मुख्य नानामऊ तिराहे पर परिवहन व निजी बसों की छतों पर तक पर सवार होकर लोग घरों को वापस हो रहे हैं। मंगलवार को नगर के मुख्य नानामऊ मार्ग पर दिल्ली से आने वाली निजी व परिवहन की की छत से लेकर नीचे तक प्रवासी मजदूरों से भरी बसों को दिल्ली की तरफ से आते हुए देखा गया है।

मुसीबत न बन जाएं घर लौट रहे प्रवासी : दिल्ली, मुंबई व अन्य शहरों से गांव को पहुंच रहे यह प्रवासी मजदूर स्वास्थ्य विभाग के लिए सिरदर्द साबित हो सकते हैं। लौट रहे हैं प्रवासी मजदूर से पूछे जाने पर नाम पता बताने में भी गुरेज कर रहे हैं। इससे उनके मन में क्वारंटाइन किए जाने का भय सता रहा है। जिस कारण यह लोग खुलकर नाम पता भी नहीं बता रहे हैं ऐसी स्थिति में इनकी टेस्टिंग स्वास्थ्य विभाग के सामने कठिन चुनौती हो सकती है।

क्वारंटाइन सेंटर से लिया जा रहा प्रवासियों का ब्यौरा : गैर जिलों से अपने गांव लौट रहे प्रवासियों को दही चौकी स्थिति सेंट्रल स्कूल में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर पर रोका जा रहा है। जहां भोजन पानी व्यवस्था के साथ प्रवासियों के कार्य स्किल की जानकारी भी ली जा रही है। मंगलवार को भी सेंटर पर प्रवासी पहुंचे। जहां उनको सैनिटाइजर, साबुन तौलिया आदि के साथ अलग-अलग बैठने व लेटने के इंतजाम किए गए हैं। मौजूदा समय सेंटर में सात प्रवासी हैं। जिसमें छह महाराष्ट्र से आए तो एक चेन्नई से आया है।  

chat bot
आपका साथी