कन्नौज में उत्पीड़न से परेशान महिला ने फांसी लगाकर दी जान, मायके पक्ष ने दहेज हत्या का लगाया आरोप
कोतवाली तिर्वा के गांव हरिहरपुर निवासी 24 वर्षीय अंजली राजपूत की शादी तीन वर्ष पहले थाना तालग्राम के गांव कलकत्तापुर्वा निवासी रामलड़ैते के साथ हुई थी। शनिवार सुबह घर में कहासुनी हो गई। इसके बाद स्वजन खेतों की ओर चले गए। घर पर ननद व सास रह गई।
कन्नौज, जागरण संवाददाता। ससुरालीजन के उत्पीडऩ से परेशान होकर महिला ने कमरे में फांसी लगा ली। इससे उनकी मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाया। कार्रवाई की मांग कर हंगामा किया।
कोतवाली तिर्वा के गांव हरिहरपुर निवासी 24 वर्षीय अंजली राजपूत की शादी तीन वर्ष पहले थाना तालग्राम के गांव कलकत्तापुर्वा निवासी रामलड़ैते के साथ हुई थी। शनिवार सुबह घर में कहासुनी हो गई। इसके बाद स्वजन खेतों की ओर चले गए। घर पर ननद व सास रह गई। परेशान अंजली ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। धोती से कुंडे में फांसी लगा ली। इससे उनकी मौत हो गई। बच्चे के रोने पर अंजली की तलाश की गई। वह कमरे में फांसी पर लटकी मिली। जानकारी होने पर लोगों की भीड़ लग गई। मायके से भाई लखन कुमार उर्फ आधार सहित कई लोग पहुंचे। दहेज की मांग पूरी न होने पर गला घोट कर हत्या करने एवं शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस टीम मौके पर पहुंचे। शव को उतर पाया गया। उस समय अंजली के शरीर पर चोटों के निशान मौजूद थे। लोगों ने पिटाई किए जाने की आशंका जताई। तहसीलदार राजू कुमार की उपस्थिति में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वही मायके वालों के हंगामा करने के बाद ससुरालीजन मौके से चले गए। प्रभारी थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि महिला फांसी पर लटकी हुई थी। शव पोस्टमार्टम को भिजवाया गया है। मुकदमा दर्ज करवा दिया गया है।
पति सहित चार के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा: भाई लखन कुमार ने बताया कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन बहन का शारीरिक व मानसिक उत्पीडऩ कर रहे थे। मोबाइल फोन पर सूचना मिलने के बाद वह गांव पहुंचे थे। उस समय बहन फांसी पर लटकी हुई थी। ससुरालीजन ने दो लाख रुपये व बाइक की मांग की थी। इसे वह पूरा नहीं कर सके। ऐसे में बहन अंजली राजपूत की गला दबाकर हत्या कर दी गई। शव को साड़ी से कमरे में कुंडे से लटका दिया गया। भाई की तहरीर पर पति रामलड़ैते, ससुर कनौजीलाल, सास सोनावती एवं चचिया ससुर तोताराम के खिलाफ धारा 398 ए व 304 बी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। अंजली के एक चार माह का पुत्र भी है।