कानपुर में बेखौफ भूमाफिया ने फिर बना लिया बंधे पर रैंप, सिंचाई अफसरों ने मूंद लीं आंखें

बैराज से शुक्लागंज की तरफ जाने पर भूमाफिया ने गंगा के बायीं ओर के बंधे पर रैंप बना लिया था। दैनिक जागरण ने 27 सितंबर 2020 को सिंचाई विभाग को आईना दिखाया तो विभाग ने दो दिन बाद ही रैंप तोड़ दिया।

By Akash DwivediEdited By: Publish:Tue, 15 Jun 2021 10:47 AM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 10:47 AM (IST)
कानपुर में बेखौफ भूमाफिया ने फिर बना लिया बंधे पर रैंप, सिंचाई अफसरों ने मूंद लीं आंखें
जल्द ही गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया जाएगा

कानपुर, जेएनएन। केडीए और सिंचाई विभाग के अफसरों का हाथ होने से भूमाफिया के हौसले बुलंद हैं। कटरी शंकरपुर सराय में बैराज बंधे पर बना रैंप सिंचाई विभाग द्वारा तोड़े जाने के कुछ माह बाद फिर से बना लिया गया। ऐसा तब हुआ, जब विभाग की बंधा पर नियमित पेट्रोलिंग होती है। सिंचाई विभाग के अफसरों और मानीटरिंग कमेटी को तोड़े गए बोर्ड और बना रैंप नहीं दिखाई दे रहा है। मंडलायुक्त के आदेश पर गंगा में अवैध निर्माणों पर अंकुश लगाने को लेकर बनी केडीए की कमेटी को भी कब्जे नहीं दिख रहे हैं। अभी तक मौके पर रखे ईंटों को प्राधिकरण के दस्ते नहीं हटाया है। 

बैराज से शुक्लागंज की तरफ जाने पर भूमाफिया ने गंगा के बायीं ओर के बंधे पर रैंप बना लिया था। दैनिक जागरण ने 27 सितंबर 2020 को सिंचाई विभाग को आईना दिखाया तो विभाग ने दो दिन बाद ही रैंप तोड़ दिया। केडीए ने 750 बीघा जमीन पर हो चुकी प्लाटिंग ध्वस्त करके कई पक्के कच्चे निर्माण तोड़ दिए। केडीए ने अवैध निर्माण हटाए जरूर, पर वहां रखी ईंटों को अभी तक नहीं हटाया। मानीटरिंग धीमी पड़ते देख एक बार फिर भूमाफिया ने जमीन पर कब्जा करने की तैयारी शुरू कर दी है। सिंचाई विभाग की ओर से लगाया गया चेतावनी बोर्ड भी उखाड़ कर फेंकने के साथ ही प्लाटिंग साइट््स को जाने के लिए तोड़ा गया रैंप फिर से बना लिया गया। अब आसानी से बड़े वाहन कटरी में आ जा सकते हैं। ईंट पहले से ही पड़ी हैं, ऐसे में कभी भी निर्माण शुरू हो सकता है।

रामदास और उसके साथियों के खिलाफ गैंगस्टर की तैयारी : कोहना थाना क्षेत्र के गंगा कटरी में शूटिंग रेंज की भूमि पर कब्जा करके प्लाटिंग कराने वाले आरोपित हिस्ट्रीशीटर माफिया रामदास व उसके साथियों के खिलाफ पुलिस गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई करेगी। हालांकि रामदास को छोड़कर बाकी आरोपित जमानत पर हैं। गैंगस्टर एक्ट के तहत आरोपितों की संपत्ति भी जब्त कराई जाएगी। पिछले वर्ष हिस्ट्रीशीटर रामदास, उसके बेटे राजेंद्र व अन्य साथियों के खिलाफ कोहना पुलिस ने शंकरपुर सराय गांव स्थित शूटिंग रेंज की भूमि पर कब्जा व प्लाटिंग करने के आरोप में मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की थी। इसमें दो रीयल एस्टेट कंपनियों के प्रोपराइटर भी शामिल थे। रामदास, राजेंद्र, मनोज व राजू पाल को जेल भेजा गया था, बाकी ने कोर्ट से अंतरिम जमानत ले ली थी। अब राजस्व विभाग से भूमि संबंधी अभिलेख मांगे गए हैं। कर्नलगंज एसीपी त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। जल्द ही गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

पुलिस को नहीं मिले भूमि संबंधी अभिलेख : आरोपितों ने जिन जमीनों पर कब्जा करके उनकी बिक्री की, उनके अभिलेख व नक्शे पुलिस को अब तक नहीं मिले हैं। थाना पुलिस ने बताया कि राजस्व विभाग से पत्राचार किया गया, लेकिन दस्तावेज नहीं मिल सके। रिमाइंडर भी भेजा गया है।

इनका ये है कहना रैंप फिर से कैसे बना लिया गया इसकी जांच कराई ही जाएगी, बनाए गए रास्ते को खोदा जाएगा, ताकि कोई ट्रक और वाहन न आ सके। साथ ही मौके पर तोड़े गए बोर्ड भी लगवाए जाएंगे।

                                                                           - रवि मिश्रा, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग

chat bot
आपका साथी