मुख्यमंत्री लैपटॉप चलाना जानते तो समझते उपयोगिता, भाजपा सरकार आने के बाद झूठ बढ़ा : अखिलेश

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फर्रुखाबाद में एक कार्यक्रम में कहा कि भाजपा की सरकार आने पर झूठ बढ़ गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री पर राजनीति तीर चलाते हुए उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री लैपटॉप चलाना जानते तो उसकीे उपयोगिता समझते

By Sarash BajpaiEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 07:59 PM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 07:59 PM (IST)
मुख्यमंत्री लैपटॉप चलाना जानते तो समझते उपयोगिता, भाजपा सरकार आने के बाद झूठ बढ़ा : अखिलेश
फर्रुखाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को घेरा

फर्रुखाबाद, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जब से भाजपा की सरकार आई है, झूठ बढ़ गया है। भाजपा के वादे झूठे साबित हुए हैं। भाजपा के गलत फैसलों से अर्थ व्यवस्था डूब गई। भाजपा की झूठ व भय की राजनीति के प्रति जागरूक करने के लिए विधानसभा क्षेत्रों में सपा के प्रशिक्षण शिविर लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसा कि योगी युवाओं को लैपटॉप इसलिए नहीं दे रहे, क्योंकि वह उसे चलाना नहीं जानते। चलाना जानते तो वह लैपटॉप की उपयोगिता समझते। भाजपा ने लैपटॉप के साथ डाटा देने का वादा किया, मगर नहीं दिया। भारत के किसान अर्थव्यवस्था में मदद करते हैं। किसान हक मांग रहे हैं तो भाजपा नाकेबंदी कर रही है। जो मुख्यमंत्री अपने जिले गोरखपुर में किसानों को एमएसपी नहीं दिला पाए, उनसे भला क्या उम्मीद की जा सकती है। 

सोमवार को कार्यकर्ता प्रशिक्षिण शिविर के बाद पत्रकारों से वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, मुख्यमंत्री जब कल भाषण दे रहे थे तो न जाने कितने करोड़ रुपये के बजट की बात कर रहे थे। एक बार चार लाख करोड़ से अधिक का ओएमयूू साइन हुआ, पर धरातल पर न उतरा। चाहे ओडीओपी हो या अन्य । उन्होंने सवाल किया कि कितना बजट फर्रुखाबाद और कन्नौज को दिया? बदायूं की घटना का जिक्र करते हुए बोले, प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त ठप है। सपा ने 100 नंबर सेवा बनाई थी, नाम बदलकर 112 कर दिया। जो योजनाएं सपा ने बनाई थीं, भाजपा नाम बदल दे रही है। भाजपा सरकार ने लॉकडाउन में भी शराब की दुकानें खुलवा दी थीं। स्वास्थ्य से ज्यादा राजस्व की चिंता है। इस वक्त जहरीली शराब से कहीं सबसे ज्यादा मौत हो रही हैं तो उत्तर प्रदेश में। बिजली महंगी हो गई है। अब यह सरकार हटे और सपा की सरकार बनें। कन्नौज में कई विकास कार्य कराए हैं। अब सपा की सरकार बनी तो पहली योजना फर्रुखाबाद से ही शुरू होगी। भाजपा हमेशा जनता को डराती है। पाकिस्तान से भारत की लड़ाई है ही, चीन से आपस में वार्ता हो रही है जो पता नहीं कहां पहुंची।

ओवैसी बताएं, वह भाजपा को हराने के लिए आ रहे या जिताने के लिए

असदुद्दीन ओवैसी के मुद्दे पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले, भाजपा लगातार ऐसे कुचक्र रचेगी। ऐसे दलों से पूछना चाहिए कि क्या वे भाजपा को हराने के लिए आ रहे हैं या फिर जिताने के लिए।  

chat bot
आपका साथी