बुखार के हमले से तीन की गई जान

बुखार के हमले से शनिवार को तीन और की मौत हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 19 Sep 2021 01:30 AM (IST) Updated:Sun, 19 Sep 2021 01:30 AM (IST)
बुखार के हमले से तीन की गई जान
बुखार के हमले से तीन की गई जान

जागरण संवाददाता, कानपुर: बुखार के हमले से शनिवार को तीन और की मौत हो गई। सभी का नर्सिंगहोम में इलाज चल रहा था। कुरसौली गांव में महिला, जबकि शिवराजपुर और बिल्हौर के गांव में दो युवकों ने दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निगरानी शुरू कर दी है। गांव में बुखार की चपेट में और लोगों के आने की संभावना है। कुछ का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

कल्याणपुर ब्लाक के कुरसौली गांव में अब तक 12 लोगों की बुखार के चलते मृत्यु हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों की मानीटरिग के बावजूद बुखार का खतरा कम नहीं हो रहा है। मेडिकल कैंप लगाकर स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। ग्राम प्रधान अमित सिंह की चाची 41 वर्षीय गीता सिंह की मौत हो गई। उनका कल्याणपुर के आवास विकास स्थित नर्सिंगहोम में इलाज चल रहा था। गांव में बुखार के नए केस सामने आ रहे हैं। शनिवार को सगे भाइयों विवेक गौतम, अमित और शिवानंद और तीन वर्षीय अभी गुप्ता को बुखार आने पर कल्याणपुर के नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया। वहीं शिवराजपुर विकास खंड के डोडवा जमौली गांव निवासी आशादेवी विश्वकर्मा ने बताया कि 32 वर्षीय पुत्र संदीप औरैया में पत्नी व बच्चे के साथ नौकरी कर रहा था। चार दिन पूर्व उसे बुखार आया। कानपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान शनिवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। बिल्हौर के राजेपुर गांव के राजन ने बताया कि 31 वर्षीय भाई सज्जन को आठ दिन पूर्व बुखार आने पर नर्सिंगहोम में भर्ती कराया था। गुरुवार की रात को उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

-----

सीवर का पानी बंद करने की चेतावनी

कुरसौली गांव में सीवर का पानी बहाने पर ग्रामीणों की शिकायत और जिलाधिकारी के आदेश के बाद ग्राम पंचायत सचिव शालिनी मिश्रा ने प्राथमिकी दर्ज करने के लिए शुक्रवार को बिठूर थाने में 34 लोगों के नाम दिए थे। शनिवार को बिठूर पुलिस और लेखपाल ने गांव जाकर सीवर का पानी नाली में बहा रहे लोगों को तीन दिनों के अंदर सीवर का पानी बंद करने की चेतावनी दी। ऐसा नहीं करने पर विधिक कार्यवाही की बात कही।

chat bot
आपका साथी