कानपुर के चौराहों पर बनेगी स्टैंडिंग लेन, खत्म होगी आटो-टेंपो चालकों की अराजकता

कानपुर में आटो-टेंपो चालकों की मनमानी से जाम की समस्या रहती है जिसे खत्म करने के लिए प्रमुख चौराहों पर 70 मीटर के दायरे के बाहर स्टैंडिंग लेन बनाने की तैयारी की जा रही है जिसके बाहर से सवारियां बिठाने पर कार्रवाई होगी।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 08:47 AM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 08:47 AM (IST)
कानपुर के चौराहों पर बनेगी स्टैंडिंग लेन, खत्म होगी आटो-टेंपो चालकों की अराजकता
कानपुर में आटो टोंपाे की मनमानी पर अंकुश लगाने की तैयारी।

कानपुर, आशीष पांडेय। शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ट्रैफिक पुलिस नित नए प्रयोग कर रही है। आटो-टेंपो और ई रिक्शा की अराजकता पर लगाम लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस अब प्रमुख चौराहों के 70 मीटर दायरे के बाहर स्टैंडिंग लेन तैयार करने की योजना बना रही है। यह लेन बनने के बाद चौराहों और सड़कों पर आटो-टेंपो और ई रिक्शा चालक अराजकता नहीं कर पाएंगे।

शहर के प्रमुख चौराहों पर जाम का बड़ा कारण आटो-टेंपो, ई रिक्शा की अराजकता है। कई साल पहले बड़ा चौराहे से गोल चौराहे के बीच यातायात विभाग की ओर से नो टेंपो-आटो जोन घोषित किया गया था। इससे लोगों को इस रूट पर जाम की समस्या से निजात मिली थी। हालांकि कुछ समय बाद आटो-टेंपो व ई रिक्शा चालकों की फिर मनमानी शुरू हो गई। अब इनकी अराजकता रोकने के लिए यातायात विभाग प्रमुख चौराहों पर 70 मीटर के दायरे के बाहर आटो-टेंपो और ई रिक्शा के लिए स्टैंडिंग लेन बनाने की तैयारी कर रहा है। जल्द ही चौराहे और स्थान चिह्नित करके लेन बनाने का काम शुरू किया जाएगा।

स्टैंडिंग लेन से ही उतारेंगे और बैठाएंगे सवारियां : स्टैंडिंग लेन तैयार होने के बाद निर्धारित स्थान से सवारियों को बैठाने की व्यवस्था रहेगी। बीच चौराहे, सबवे, फुटपाथ या सड़क पर गाड़ी खड़ी करके चालक न तो सवारियां उतार सकेंगे और न ही बैठा सकेंगे। इसके साथ हीं मानक से अधिक सवारियां नहीं बैठा सकेंगे।

बंद हो जाएगा टोकन सिस्टम : अभी चौराहों पर सवारियां भरने के लिए आटो-टेंपो चालकों को रुपये देकर टोकन लेना होता है। स्टैंडिंग लेन की व्यवस्था शुरू होने के बाद टोकन नंबर का सिस्टम खत्म हो जाएगा। जो गाड़ी स्टैंडिंग लेन में आगे खड़ी होगी, वही सवारियां भरकर पहले निकलेगी।

-आटो-टेंपो की अराजकता जाम का बड़ा कारण है। इससे निपटने के लिए स्टैंडिंग लेन बनाने की योजना तैयार की गई है। अधिक यातायात के दबाव वाले चौराहे और जगह चिह्नित किया जाना है। दोनों के चयन के बाद जल्द ही इसकी शुरुआत की जाएगी। -बीबीजीटीएस मूर्ति, डीसीपी ट्रैफिक

chat bot
आपका साथी