प्रदेश अध्यक्ष और पीसीसी के प्रदेश प्रवक्ता की रिहाई को लेकर आंदोलन के मूड में कांग्रेस

कांग्रेस मुख्यालय तिलक हाल में मंगलवार को निवर्तमान अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री और पूर्व सांसद राकेश सचान ने बताया कि भाजपा कार्यालय के बाहर भाजपा महिला कार्यकर्ता ने आग लगा दी थी जबकि दूसरी घटना मुख्यमंत्री कार्यालय के बाहर हुई थी जिसमें मां बेटी ने आग लगायी थी।

By Akash DwivediEdited By: Publish:Tue, 24 Nov 2020 05:30 PM (IST) Updated:Tue, 24 Nov 2020 05:30 PM (IST)
प्रदेश अध्यक्ष और पीसीसी के प्रदेश प्रवक्ता की रिहाई को लेकर आंदोलन के मूड में कांग्रेस
संविधान का पालन समान रूप से करने की मांग भी सरकार से की जाएगी

कानपुर, जेएनएन। कांग्रेस के एससीएसटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष और पीसीसी के प्रदेश प्रवक्ता की रिहाई को लेकर कांग्रेस आंदोलन के मूड में है। इसे लेकर पूरे प्रदेश में प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से कांग्रेस ने इसे जगजाहिर भी कर दिया है। मंगलवार को तिलक हाल में कांग्रेस के पदाधिकारियों ने वार्ता में बताया कि इस बार संविधान दिवस पर जिलाधिकारी को संविधान की प्रति और एससीएसटी के प्रदेश अध्यक्ष आलोक प्रसाद की फोटो भेंट की जाएगी। ज्ञापन सौंपकर संविधान का पालन समान रूप से करने की मांग भी सरकार से की जाएगी। 

कांग्रेस मुख्यालय तिलक हाल में मंगलवार को निवर्तमान अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री और पूर्व सांसद राकेश सचान ने बताया कि भाजपा कार्यालय के बाहर भाजपा महिला कार्यकर्ता ने आग लगा दी थी जबकि दूसरी घटना मुख्यमंत्री कार्यालय के बाहर हुई थी, जिसमें मां बेटी ने आग लगायी थी। पहली घटना में पुलिस ने एससीएसटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष आलोक प्रसाद और दूसरी घटना में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अनूप पटेल को उकसाने का आरोप लगाकर जेल भेज दिया था। दोनों लंबे समय से जेल में हैं।

जबकि आत्महत्या के लिए उकसाने के ही एक मामले में एक चैनल के हेड को सप्ताह भीतर जमानत मिल गई। देश में संविधान एक है तो कार्रवाई अलग-अलग क्यों हो रही है। इसी के विरोध स्वरूप 26 नवंबर को संविधान दिवस पर एससीएसटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष की फोटो और संविधान की एक प्रति जिलाधिकारी को भेंट की जाएगी। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस प्रतियां भेट करेगी। एससीएसटी के प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार कनौजिया ने बताया गिरफ्तारी के विरोध में 4 दिसंबर को लखनऊ में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे। वार्ता में प्रदेश सचिव विकास अवस्थी, विकास सोनकर, शानू बुंदेला, मनोज वर्मा, आरए गौतम उपस्थित रहे।

chat bot
आपका साथी