झकरकटी में समानांतर पुल के लिए गिराई गईं दुकानें, नवंबर में वाहन भर सकेंगे फर्राटा

कानपुर में झकरकटी पुल के समानांतर पुल का निर्माण वर्ष 2018 में शुरू हुआ था और अब 27 अक्टूबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद नवंबर माह में वाहन सवार फर्राटा भर सकेंगे। पुल निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाया गया है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 07:56 AM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 07:56 AM (IST)
झकरकटी में समानांतर पुल के लिए गिराई गईं दुकानें, नवंबर में वाहन भर सकेंगे फर्राटा
झकरकटी में समानांतर पुल का निमार्ण तेज हो गया है।

कानपुर, जेएनएन। झकरकटी पुल के समानांतर दूसरे पुल का निर्माण 27 अक्टूबर तक पूरा हो जाएगा। पुल का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। अब सिर्फ सड़क और एप्रोच रोड बनाई जानी है, जो 27 तक तैयार हो जाएगी। अगले महीने नवंबर में इस पुल से लोग फर्राटा भर सकेंगे। यहां सर्विस लेन बनाने के लिए बुधवार को आधा दर्जन दुकानें गिराई गईं। कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें शांत करा दिया। विरोध की आशंका को देखते हुए यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

जीटी रोड पर हर रोज जाम लगता है। सर्वाधिक जाम झकरकटी बस स्टेशन और पुल पर लगता है। कई बार तो लोग आधे से पौन घंटे तक जाम में फंस जाते हैं। इस समस्या के समाधान के लिए ही वर्ष 2016 में झकरकटी पुल के समानांतर दो लेन का पुल मंजूर किया गया था। 2018 में पुल के निर्माण का काम शुरू हो गया था। रेलवे ने पहले अपने हिस्से का काम कर दिया था, लेकिन पुल की ऊंचाई ज्यादा होने से निर्माण कार्य रुका रहा। बाद में इसकी डिजाइन बदली गई और एनएच पीडब्ल्यूडी ने बदली डिजाइन पर कार्य किया। अब यह पुल 102 करोड़ रुपये के खर्च से बनकर तैयार हुआ है।

पुल बन जाने के बाद यातायात जाम की समस्या का समाधान हो जाएगा। दो लेन का समानांतर पुल बनने के बाद एक से वाहन आएंगे और दूसरे पुल से वाहन जांएगे। यहां आशा माता मंदिर की तरफ कुछ दुकानें थीं, जिसे तोड़े बिना सर्विस रोड के निर्माण का कार्य पूरा नहीं हो सकता था। इसीलिए इन दुकानों को बुधवार को तोड़ा गया। एनएच पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता पीएस ओझा ने बताया कि 27 अक्टूबर तक पुल हर हाल में बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बन जाने से आवागमन आसान होगा और जाम की समस्या समाप्त होगी।

chat bot
आपका साथी