बदले सुर : योगी की तारीफ में शिवपाल ने पढ़े कसीदे, बोले-मुख्यमंत्री तो ईमानदार पर नौकरशाही में भ्रष्टाचार

इटावा के ताखा में प्रसपा के प्रमुख शिवपाल यादव के सुर कुछ बदले नजर आए और उन्होंने मुख्यमंत्री योगी की तारीफ की । उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ईमानदार बताया और नौकरशाही को भ्रष्टाचार करने वाला कहा है ।

By Akash DwivediEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 09:07 PM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 07:30 AM (IST)
बदले सुर : योगी की तारीफ में शिवपाल ने पढ़े कसीदे, बोले-मुख्यमंत्री तो ईमानदार पर नौकरशाही में भ्रष्टाचार
इटावा के ताखा में सीएम के लिए बदल गए शिवपाल के सुर।

इटावा, जेएनएन। यूपी में भाजपा सरकार के खिलाफ अबतक मोर्चा खोलते आ रहे प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के प्रमुख शिवपाल सिंह यादव के सुर शनिवार को कुछ बदले नजर आए। ताखा में उन्होंने योगी की तारीफ में जमकर कसीदे पढ़े और कहा कि मुख्यमंत्री तो ईमानदार हैं, लेकिन नौकरशाही में भ्रष्टाचार है। जनता परेशान है, मगर चुप है। इसका जवाब चुनाव में देगी। प्रसपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि ताखा में तहसीलदार खुलेआम भ्रष्टाचार कर रहे हैं। यदि सुधार नहीं किया तो वह जनता के साथ धरने पर बैठ जाएंगे। उन्होंने लोगो से वैक्सीन लगवाने की अपील की। प्रसपा प्रमुख और क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव ने ताखा की नई सीएचसी का निरीक्षण किया।

समारोह में उन्होंने कहा, प्रदेश में भ्रष्टाचार फैला हुआ है। इसकी शिकायत उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर की थी। कहा था आप तो ईमानदार हैं, लेकिन नौकरशाही में भ्रष्टाचार फैला हुआ है। ताखा में तहसीलदार ताखा और लेखपाल बिना पैसे लिए काम नहीं करते हैं। बिजली विभाग के एसडीओ पर भी उन्होंने आरोप लगाए और कहा कि मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे। शिवपाल ने स्वास्थ्य केंद्र में आक्सीजन कंसंट्रेटर और हेल्थ किट के लिए 20 लाख रुपये भी दिए। कहा कि अपनी सरकार में उन्होंने सीएचसी की सौगात दी थी। किसानों को फसल का वाजिब दाम दिया था। आज किसानों को उनकी फसल का दाम नहीं मिल रहा है।

सुरक्षित है वैक्सीन, अवश्य लगवाएं : प्रसपा प्रमुख ने कहा सभी लोग कोरोना वैक्सीन अवश्य लगवाएं, यह सुरक्षित है। जिन लोगों ने वैक्सीन लगवाई है और उन्हें कोरोना हुआ भी है तो असर ज्यादा नहीं हुआ है। वह खुद भी पहला डोज लगवा चुके हैं। सीएमओ डा. भगवान दास ने कहा कोरोना खत्म नहीं हुआ है इसलिए मास्क का प्रयोग करें और शारीरिक दूरी का पालन करें। इस मौके पर एसडीएम सत्यप्रकाश मिश्रा, डिप्टी सीएमओ अवधेश यादव और सीएचसी प्रभारी डा. उदय प्रताप सिंह मौजूद रहे।

पांच सड़कों का लोकार्पण किया : शिवपाल सिंह यादव ने ताखा में विधायक निधि से बनी पांच सड़कों का लोकार्पण भी किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुनील यादव, अनुज गुप्ता, आशू यादव, रामप्रकाश, सचिन यादव सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी