जगह-जगह फैला कूड़ा देख चढ़ा नगर आयुक्त का पारा

कार्यभार संभालने के बाद शनिवार को पहली बार निरीक्षण के लिए निकले नगर आयुक्त का गंदगी देखकर पारा चढ़ गया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 01:54 AM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 01:54 AM (IST)
जगह-जगह फैला कूड़ा देख चढ़ा नगर आयुक्त का पारा
जगह-जगह फैला कूड़ा देख चढ़ा नगर आयुक्त का पारा

जागरण संवाददाता, कानपुर : कार्यभार संभालने के बाद शनिवार को पहली बार निरीक्षण के लिए निकले नगर आयुक्त शिव शरणप्पा जीएन जगह-जगह फैली गंदगी देखकर दंग रह गए। मौके पर ही स्वास्थ्य अफसरों को आदेश दिए कि हर हाल में समय पर कूड़ा उठाया जाए। लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

नगर आयुक्त पहले जेके मंदिर के पास पहुंचे तो वहां झाड़ू न लगने के कारण कूड़ा फैला पड़ा था। लाजपत नगर में रेस्टोरेंट के बाहर कूड़ा बिखरा मिला व नालियां भरी थीं। जोनल कार्यालय-छह मरियमपुर के बाहर दोनो तरफ गंदगी फैली मिली। जोनल स्वच्छता अधिकारी ओम पाल को सफाई कराने के आदेश दिए। विजय नगर से नमक फैक्ट्री तक ग्रीनबेल्ट में गंदगी मिली। इसके बाद नगर आयुक्त ने मामा तालाब मसवानपुर का निरीक्षण किया। यहां गोबर व कूड़े के ढेर मिले। सफाई निरीक्षक विजय ने बताया कि रात में लोग गोबर डाल जाते हैं। इस पर उन्होंने कहा, जलनिकासी के लिए कच्ची नाली बनाई जाए और दो दिन सफाई करके फोटो भेजें। मामा तालाब से पनकी कल्याणपुर रोड में गड्ढों को देखकर पैचवर्क कराने के आदेश दिए। धामीखेड़ा स्थित कूड़ाघर के बाहर गंदगी पड़ी मिली। यहां सामुदायिक शौचालय का रखरखाव न होने पर फर्म को नोटिस देने के आदेश दिए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अजय संखवार से कहा कि शौचालयों की सूची सभी जोनल स्वच्छता अधिकारी को उपलब्ध करा दें। शौचालयों का सर्वे करके तीन दिन के अंदर समस्याओं का निस्तारण कराएं। जोन छह में तैनात सफाई निरीक्षक और कर्मियों के नामों व वार्ड की सूची देने के आदेश दिए। पनकी आवास विकास में बने ट्रांसफर स्टेशन को देखा।

सुबह सात बजे कराएंगे कूड़ा का निस्तारण

ध्वस्त सफाई व्यवस्था से नाराज नगर आयुक्त ने सभी जोनों के जोनल प्रभारी, जोनल अभियंता और जोनल स्वच्छता अधिकारी को आदेश दिए कि रोज सुबह सात बजे अपने-अपने जोन क्षेत्र में निरीक्षण करें और हर हाल में सफाई करवाएं। निरीक्षण के दौरान यदि कोई भी अधिकारी अनुपस्थित पाया जाता है तो उस पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

59 कर्मचारी मिले गायब, कटा एक दिन का वेतन

नगर आयुक्त ने नगर निगम मुख्यालय में उपस्थिति का रजिस्टर चेक किया तो 59 कर्मचारी गायब मिले। एक दिन का वेतन काटने और स्पष्टीकरण तलब किया।

नहीं दिखा कैमरों का लाइव फुटेज

नगर आयुक्त ने शाम को स्मार्ट सिटी कार्यालय का निरीक्षण किया। कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के तहत शहर में लगे कैमरो की लाइव फुटेज ठीक से संचालित नही मिली। आपरेटर ने बताया कि केबल खराब होने के कारण बड़ी स्क्रीन पर फुटेज संचालित नही हो पा रही है। आदेश दिए कि इसको ठीक कराया जाए। इसके बाद जिलास्तरीय कोविड कंट्रोल सेंटर को भी देखा।

chat bot
आपका साथी