सत्याग्रह पर बैठे सपाई, बोले-कफन चोरों को दी जाए फांसी

कफन चोरों को गिरफ्तार कर फांसी देने की मांग करते हुए सपाइयों ने प्रदर्शन किया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 15 May 2021 01:49 AM (IST) Updated:Sat, 15 May 2021 01:49 AM (IST)
सत्याग्रह पर बैठे सपाई, बोले-कफन  चोरों को दी जाए फांसी
सत्याग्रह पर बैठे सपाई, बोले-कफन चोरों को दी जाए फांसी

जागरण संवाददाता, कानपुर : कफन चोरों को गिरफ्तार कर फांसी देने की मांग करते हुए सपाइयों ने शुक्रवार को मैस्कर घाट में सत्याग्रह किया। नरमुंड की माला डालकर, हाथों में कफन, रामनामी दुपट्टा, शॉल और बांस लेकर विरोध जताया।

समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश महासचिव अभिमन्यु गुप्ता की अगुवाई में कार्यकर्ता मैस्कर घाट में एकत्र हुए। यहां सत्याग्रह करके मां गंगा से प्रार्थना की कि सरकार व अफसरों को सद्बुद्धि दें ताकि कफन चोरों को पकड़ कर जेल भेजा जा सके। दवा, इलाज, एंबुलेंस के किराए में कालाबाजारी के साथ अब शवों के उतराने में भी खेल हो रहा है। श्मशान घाट में शवों के उतरन को बेचकर लाखों रुपये आय की जा रही है। मामला सामने आने के बाद भी प्रशासन चुप है। समाज को कलंकित करने वाले इस अपराध की वजह से मानवता शर्मसार है। कहा, जल्द कफन चोरों को नहीं पकड़ा गया तो सपाई शांत नहीं बैठेंगे। जनता के साथ सड़क पर उतर कर आंदोलन किया जाएगा। शुभ गुप्ता, अनिल सिंह, अतुल कुशवाहा, किशन जायसवाल आदि रहे।

कफन चोरों के खिलाफ पार्षदों का प्रदर्शन : शवों की उतरन उतार कर बाजारों में बेचने वाले कफन चोरों को जेल भेजने के लिए पार्षदों ने जनता के साथ मंडलायुक्त आवास पर प्रदर्शन किया। मांग की कि कफन चोरों पर नजर रखने के लिए श्मशान घाटों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।

पार्षद नवीन पंडित और सौरभ देव ने कहा कि कफन चोर शवों की उतरन को बाजारों में बेच रहे हैं। इनमें रामनामी दुपट्टा व कलावा का मंदिरों और घरों में पूजा में प्रयोग किया जा रहा होगा। इससे लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। ऐसे कफन चोरों को पकड़कर जेल भेजा जाए। श्मशान घाटों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। मंडलायुक्त डॉ राजशेखर को दिए ज्ञापन में मांग की है कि नगर निगम को आदेश दें कि इसकी जांच करके दोषियों पर कार्रवाई करें। इसमें पुलिस और कर्मचारी की भी भूमिका हो सकती है। राजेंद्र मिश्र, संदीप पासवान सूरज वर्मा, जसपाल भक्त आदि रहे।

chat bot
आपका साथी