महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ सड़क पर उतरे सपाई, बोले- अब यूपी सरकार के साथ खेला होइयै
समाजवादी पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सपाइयों ने बारा देवी मंदिर के बाहर महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ धरना -प्रदर्शन करके सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। कहा जब-जब प्रदेश और देश भाजपा सरकार आई है कमरतोड़ महंगाई लाई है।
कानपुर, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के नेतृत्व के आह्वान पर सपाइयों ने महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की शुरुआत कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को सपाइयों ने बारा देवी मंदिर के बाहर धरना-प्रदर्शन करके सरकार के खिलाफ नारेबाजी करके आक्रोश व्यक्त किया। देश व प्रदेश में बढ़ रही महंगाई और बेरोजगारी को लेकर विरोध दर्ज कराया।
सपा के युवा नेता अमर बहादुर सिंह ने धरने में कहा- अब यूपी सरकार के खिलाफ खेला हुईए। आज देश और प्रदेश में बेतहाशा बढ़ती महंगाई के कारण जनता परेशान है। डीजल पेट्रोल और रसोई गैस के दामों में बढ़ोत्तरी करके जनता को लूटा जा रहा है। जनता की रोजमर्रा की जीवन उपयोगी वस्तुओं के दाम लगातार आसमान छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब-जब प्रदेश और देश भाजपा सरकार आई है, कमरतोड़ महंगाई लाई है।
सपा नेता ने कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण देश व प्रदेश के मध्यमवर्गीय परिवारों को दो वक्त की रोटी जुटाना मुश्किल हो गया है। देश और प्रदेश में नौकरी-रोजगार के अवसर समाप्त हो गए हैं। बढ़ती बेरोजगारी के कारण पढ़े लिखे नौजवान नौकरी के लिए डिग्रियां लिए घूम रहे हैं। महंगाई और बेरोजगारी के कारण जनता त्राहि-त्राहि कर रही है और भूखों मरने की नौबत आ गई है। कहा, सपा कार्यकर्ताओं एवं नेताओं पर सरकार के इशारे पर फर्जी मुकदमे लगाकर उत्पीड़न किया जा रहा है, उनके घर गिराए जा रहे हैं। वर्ष 2022 में भाजपा सरकार के खिलाफ खेला होई करके सपा कार्यकर्ता अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाएंगे। प्रदेश की भाजपा सरकार कोरोनावायरस रोकने में असफल साबित हो गई है। यहां पर निखिल यादव ,दीपक खोटे, धर्मेंद्र आजाद, मनीष यादव, श्रेष्ठ गुप्ता जीशान अहमद, दीपक यादव, मोहम्मद अरशद दद्दा उपस्थित रहे।