अपनों ने ठुकराया, पुलिस ने वापस घर पहुंचाया

बेटे-बहू के उत्पीड़न से परेशान चकेरी के वृद्ध दंपती को पुलिस ने वापस घर पहुंचाया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 01:59 AM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 01:59 AM (IST)
अपनों ने ठुकराया, पुलिस ने वापस घर पहुंचाया
अपनों ने ठुकराया, पुलिस ने वापस घर पहुंचाया

जागरण संवाददाता, कानपुर : बेटे-बहू के उत्पीड़न से परेशान चकेरी के वृद्ध दंपती को पुलिस आयुक्त से सहारा मिलने के बाद अन्य वृद्धजन भी पुलिस की चौखट पर आ रहे हैं। मंगलवार को नौबस्ता योगेंद्र विहार निवासी 63 वर्षीय बुजुर्ग ने बेटे व बहू पर मकान पर कब्जा कर घर से निकालने का आरोप लगा डीसीपी साउथ से शिकायत की। इसके बाद काकादेव थाने में विजय नगर की 70 वर्षीय महिला ने बेटी पर मकान कब्जाने और घर से निकालने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। पुलिस ने पीड़ितों के घर जाकर आरोपितों को चेतावनी दी और बुजुर्गो को वापस घर में जगह दिलाई।

योगेंद्र विहार निवासी रिटायर्ड फैक्ट्री कर्मी बंशीधर गुप्ता ने डीसीपी साउथ को बताया कि उन्होंने एक-एक पैसा जोड़कर 100 वर्गमीटर प्लाट खरीदकर मकान बनवाया था। सोचा था कि कोई सहारा नहीं होगा तो मकान के किराये से गुजारा हो जाएगा। मगर दोनों बेटों ने सहारा नहीं दिया। आरोप है कि छोटे बेटे व बहू सरकारी नौकरी में होने के बावजूद प्रताड़ित करते हैं। एक वर्ष पूर्व बेटे ने मकान में ताला डालकर उन्हें बाहर निकाल दिया। मजबूरी में बाहर बनी कोठरी में रहते हैं और फेरी लगाकर खानपान की व्यवस्था करते हैं। उन्होंने डीसीपी से कहा कि मकान खाली करवा दीजिए, ताकि किराये पर उठाकर गुजारा कर सकूं। डीसीपी साउथ रवीना त्यागी ने बताया कि जांच की जा रही है। आरोप सही हुए तो बेटे-बहू के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इधर, विजय नगर निवासी सूर्यमुखी सक्सेना ने बताया कि उनका कोई बेटा नहीं हैं। पांच लड़कियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। सबसे छोटी बेटी की शादी शास्त्रीनगर में हुई थी। वर्ष 2017 में जब बेटी गर्भवती थी तो उसे घर ले आई थीं। बच्चे के जन्म के बाद दामाद उसे वापस ससुराल ले गया, लेकिन इसके बाद प्रताड़ित करने लगा। बेटी की परेशानी देख उसे मायके बुला लिया और बेहतर इलाज कराया। आरोप है कि ठीक होने के बाद बेटी ने बुरा व्यवहार करना शुरू कर दिया। घर पर कब्जा कर लिया। विरोध पर जानलेवा हमला किया और कहने लगी कि अब वह और उसका पति मकान में रहेंगे। 28 जुलाई को बेटी ने घर से निकाल दिया और गृहस्थी का सामान बेच रही है। थाना प्रभारी कुंजबिहारी मिश्र ने बताया कि वृद्धा को वापस घर पहुंचाया गया और उनकी बेटी को चेतावनी दी गई है। आरोपित बेटी ने बुधवार को ससुराल लौटने की बात कही है।

chat bot
आपका साथी