राज कुंद्रा के सहयोगी अरविंद का मध्य प्रदेश कनेक्शन भी, सास बोलीं-दामाद ऐसा नहीं कर सकता
अश्लील फिल्म एप के मामले में फंसे राज कुंद्रा के सहयोगी अरविंद श्रीवास्तव की पत्नी हर्षिता के पिता भी डिफेंस से सेवानिवृत्त हुए थे। सास ने बताया है कि छह वर्ष पहले वह बच्चों संग आई थी तब यहां पर बैंक खाता खुलवाया था।
कानपुर, जेएनएन। पोर्न एप के मामले में फंसे राज कुंद्रा के सहयोगी अरविंद श्रीवास्तव की ससुराल बर्रा आठ में है। उसकी सास नीरजा का कहना है कि उनका दामाद ऐसा काम नहीं कर सकता, उन्हें गलत फंसाया गया है। वहीं अरविंद का मध्य प्रदेश कनेक्शन भी सामने आया है, उसका संबंध फ्लिज मूवीज ओपीसी लिमिटेड कंपनी से भी मिला है। अब मुंबई पुलिस यूपी से मध्य प्रदेश तक उसकी गतिविधियों का पता लगा रही है।
डिफेंस से रिटायर हुए थे अरविंद के ससुर
कानपुर बर्रा-8 में रहने वाली नीरजा निगम के परिवार में एक बेटा और बेटी हर्षिता श्रीवास्तव है। दिवंगत पति एचसी निगम डिफेंस से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने बताया कि हर्षिता ने छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है। अरविंद से शादी के बाद से हर्षिता सिंगापुर में ही है। उनका एक ही बेटा है, जो मुंबई में बीमा कंपनी में उच्च अधिकारी है। उनके बेटी और दामाद पढ़े लिखे हैं। वे पोर्न एप बनाने जैसा काम नहीं कर सकते। छह वर्ष पहले हर्षिता बच्चों के साथ घर आई थी।
तब दोनों ने बर्रा आठ स्थित पंजाब नेशनल बैंक में खाता खुलवाया था। परिवार के लोगों के खाते इसी बैंक शाखा में हैं, इस वजह से उनका बैंक में आना-जाना रहता था। इससे स्टाफ से लेकर अधिकारी तक पहचानते थे। पिछले वर्ष से कोरोना की वजह से वह घर से बाहर ही नहीं निकलीं।
अरविंद का कई राज्यों में नेटवर्क
राज कुंद्रा के पोर्न फिल्मों के प्रोडक्शन हाउस का काम संभालने वाले शहर के अरङ्क्षवद श्रीवास्तव का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला है। उसका परिवार उसे सिंगापुर की कंपनी में काम करने वाला बता रहा है तो उत्तर प्रदेश के अलावा मध्यप्रदेश से लेकर महाराष्ट्र तक सभी जगह उसकी गतिविधियां मिली हैं। उसका पासपोर्ट मध्यप्रदेश से से पासपोर्ट बना हुआ है। वहीं की एक मूवी कंपनी से उसके कनेक्शन सामने आए हैं, जो राज कुंद्रा के मामले से भी जुड़ी हुई है।
कानपुर में श्याम नगर के निवासी अरविंद श्रीवास्तव ने मध्यप्रदेश से अपना पासपोर्ट बनवाया था। मध्यप्रदेश के भोपाल में ही फ्लिज मूवीज ओपीसी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है, जिससे अरविंद, उसकी पत्नी हर्षिता, पिता नर्वदा प्रसाद के बैंक खातों में रुपये आ रहे थे। मध्यप्रदेश से बने पासपोर्ट, भोपाल की मूवीज कंपनी से लिंक को देखते हुए पुलिस भी यह मान रही है कि वह या तो इस कंपनी को खुद ही संचालित कर रहा था अथवा वह इसका बड़ा हिस्सेदार है। इसी वजह से कंपनी से उसकी पत्नी और पिता के खातों में रुपये आते थे।
पोर्न एप को लेकर जांच में जुटी पुलिस के सामने अरविंद, हर्षिता और नर्वदा प्रसाद के नाम भी भोपाल पहुंचने पर खुले थे। वहां फ्लिज मूवीज ओपीसी प्राइवेट लिमिटेड की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच को जानकारी मिली थी कि कंपनी से इन तीनों को लगातार रुपये भेजे जा रहे हैं। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने कानपुर में रामबाग स्थित निजी बैंक के मैनेजर से बात की थी, जिस बैंक में अरविंद का खाता है। यहां से पुलिस को तमाम जानकारियां मिली थीं। सूत्र बताते हैं, उसके कनेक्शन मुंबई में भी लगातार बने रहे। मध्य प्रदेश की मूवी कंपनी से वह खुद जुड़ा हुआ था। इसके चलते ही राज कुंद्रा की पोर्न एप की योजना में भी शामिल हो गया।