जालौन में अवैध गुटखा फैक्ट्री में छापा, भारी मात्रा में तंबाकू उत्पाद बरामद

अवैध रूप से गुटखा बनाने की सूचना पर जालौन प्रशासन ने भारी पुलिस के साथ एक व्यवसायी के तीन ठिकानों पर छापामारी की। यहां छापे के दौरान भारी मात्रा में तंबाकू के साथ ही तमाम सामग्री जब्त कर की गई। छापेमारी डीएम के निर्देश पर की गई।

By Sarash BajpaiEdited By: Publish:Thu, 04 Mar 2021 07:43 PM (IST) Updated:Thu, 04 Mar 2021 07:43 PM (IST)
जालौन में अवैध गुटखा फैक्ट्री में छापा, भारी मात्रा में तंबाकू उत्पाद बरामद
अवैध गुटखा फैक्ट्री में छापा, भारी मात्रा में तंबाकू बरामद।

कानपुर, जेएनएन। तंबाकू मिश्रित गुटखा बनाने में रोक होने के बाद भी बहुत से लोग अवैध ढंग से इस कारोबार को कर रहे हैं। गुरुवार को सटीक सूचना मिलने पर जालौन के एडीएम के नेतृत्व में पुलिस व खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने एक ही व्यवसायी के तीन ठिकानों में छापा मारा। इस दौरान भारी मात्रा में सुपारी, लौंग पाउडर, कत्था व गुटखा बनाने में प्रयुक्त होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई। मिली सामग्री को सीज कर दिया गया है। जिसकी कीमत लगभग 85 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही गुटखा व्यवसायी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन के अधिकारियों को कई तरह का गुटखा बनाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। सटीक सूचना मिलने पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देश पर गुरुवार को एडीएम प्रमिल कुमार सिंह एसडीएम सत्येंद्र कुमार सिंह, कोतवाल विनोद कुमार पांडेय व खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों की टीम ने कोंच बस स्टैंड के पास एसआर इंटर कालेज के बगल में छापा मारा। यहां पर गुटखा बनाने की सामग्री भारी मात्रा में भंडारित थी। लौंग, सुपारी, कत्था, तंबाकू के नमूने जांच के लिए भरे गए। इसी तरह से मैकेनिक नगर में एक मकान में गणेश ब्रांड गुटखा बन रहा था। यहां भी बड़ी मात्रा में पिसी सुपारी, तंबाकू, लौंग, कत्था की बोरियां बरामद की गईं। सभी के नमूने जांच के लिए संकलित किए गए। इसके बाद विधि महाविद्यालय के पास एक मकान में टीम पहुंची तो वहां पर गुटखा बनाया जा रहा था। टीम के आने की सूचना मिलने पर कर्मचारियों ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। तब कोतवाल में माइक से एनाउंस किया कि अगर दरवाजा नहीं खोला तो जितने लोग अंदर हैं सभी के खिलाफ मुकदमा लिखा जाएगा। इस चेतावनी के बाद कर्मचारियों ने दरवाजा खोल दिया। यहां भी गुटखा बनता पाया गया। अधिकारियों ने सभी सामगरी को जब्त करने के निर्देश खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को दिए। साथ ही नमूने भी भरवाए। तीनों स्थान एक ही व्यवसायी के बताए जा रहे हैं। इस मौके पर खाद्य अभिहित अधिकारी देवेंद्र सिंह यादव, राहुल शर्मा, आलोक कुमार, दिनेश चंद्र, अनिल प्रताप सिंह, सीओ संतोष कुमार मौजूद रहे।

काफी समय से बन रहा अवैध गुटखा 

शहर में एक नहीं बल्कि कई स्थानों पर प्रतिबंधित गुटखे का निर्माण हो रहा है। कोरोना काल में लॉकडाउन के समय इन गुटखा विक्रेताओं ने काफी मोटी रकम कमाई की। दस रुपये में मिलने वाला गुटखा 40 रुपये में बेचा। यह कोई एक व्यापारी की बात नहीं है। कई जगहों पर चोरी छुपे गुटखा बनाया जाता है।

chat bot
आपका साथी