तीन लेन का बनेगा वीआइपी रोड पर प्रस्तावित फ्लाईओवर

पहले चार लेन बनाने के लिए दिया गया था प्रस्ताव।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 17 Jul 2021 02:21 AM (IST) Updated:Sat, 17 Jul 2021 02:21 AM (IST)
तीन लेन का बनेगा वीआइपी रोड पर प्रस्तावित फ्लाईओवर
तीन लेन का बनेगा वीआइपी रोड पर प्रस्तावित फ्लाईओवर

जागरण संवाददाता, कानपुर : वीआइपी रोड पर मेघदूत तिराहे से मर्चेंट चैंबर हाल के आगे मिलन गेस्ट हाउस तक प्रस्तावित फ्लाईओवर का निर्माण स्मार्ट सिटी मिशन के तहत करने की तैयारी है। पहले चार लेन का पुल प्रस्तावित था, लेकिन अब तीन लेन का 10 मीटर चौड़ा फ्लाईओवर प्रस्तावित किया गया है। इसकी अनुमानित लागत 125 करोड़ रुपये है। उच्च स्तरीय समग्र विकास समिति की बैठक में उप्र सेतु निर्माण निगम इस प्रोजेक्ट को रखेगा। मंडलायुक्त डा. राजशेखर की स्वीकृति के बाद प्रस्ताव स्मार्ट सिटी मिशन की बोर्ड बैठक में लाकर मंजूर कराया जाएगा। इसके बाद डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार होगी। अगर यह प्रोजेक्ट मूर्त रूप लेता है तो वीआइपी रोड पर लगने वाला जाम समाप्त हो जाएगा।

वीआइपी रोड के आसपास डिग्री कालेज, इंटर कालेज, न्यायालय, कलेक्ट्रेट, पुलिस आफिस व कई अन्य दफ्तर हैं। इस वजह से वहां जाम लगता है। स्कूलों के बंद होने से थोड़ी बहुत राहत है, लेकिन जब सभी स्कूल खुलने लगेंगे तो स्कूली बसों का आवागमन भी बढ़ेगा, जिससे जाम की समस्या बढ़ेगी। पिछले साल दो किमी लंबे और चार लेन चौड़े फ्लाईओवर की योजना बनाई गई थी। लाकडाउन लगने से प्राथमिक एस्टीमेट नहीं बन पाया था। सर्वे में पाया गया कि इस सड़क पर तीन लेन का ही फ्लाईओवर बन सकता है। इससे किसी भवन को भी तोड़ने की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए दो-दो पिलर बनाने की आवश्यकता नहीं होगी। एक पिलर पर ही बनकर तैयार हो जाएगा। तय किया गया है कि स्मार्ट सिटी मिशन से ही इसके लिए बजट लिया जाए। इस फ्लाईओवर को सरसैया घाट पर प्रस्तावित पुल से भी जोड़ा जाएगा। सेतु निगम के महाप्रबंधक राकेश सिंह का कहना है कि सरसैया घाट पुल और फ्लाईओवर का प्रोजेक्ट एक साथ मंडलायुक्त को सौंपेंगे।

chat bot
आपका साथी