कपड़ा बाजारों में 136 नए कैमरे लगवाने की तैयारी

डीसीपी क्राइम ने परखी पहले से लगे 64 कैमरों की तकनीकी। - व्यापारी संगठनों के सहयोग से

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 01:36 AM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 01:36 AM (IST)
कपड़ा बाजारों में 136 नए कैमरे लगवाने की तैयारी
कपड़ा बाजारों में 136 नए कैमरे लगवाने की तैयारी

जागरण संवाददाता, कानपुर : जनरलगंज और नौघड़ा कपड़ा बाजार में व्यापारियों के सहयोग से करीब 136 नए कैमरे लगवाने की तैयारी हो रही है। शनिवार शाम डीसीपी क्राइम ने बाजारों में पहले से लगे 64 कैमरों से सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कुछ कैमरे तकनीकी खामी के चलते बंद थे, उन्हें तुरंत ठीक कराया गया।

आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने की तैयारी हो रही है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर सभी जोन में प्रमुख बाजारों में सीसीटीवी कैमरे भी लगवाने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए पुलिस अधिकारियों ने व्यापारी संगठनों से वार्ता की है। शनिवार को इसी कड़ी में डीसीपी क्राइम सलमान ताज पाटिल जनरलगंज व नौघड़ा बाजार पहुंचे। उन्होंने कपड़ा कमेटी के कार्यालय में सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल रूम सर्वर भी देखा। व्यापारियों ने बताया कि उनके प्रयास से बाजारों में करीब 64 कैमरे लगवाए गए थे। डीसीपी ने कैमरों की दिशा, विजिबिलिटी, जूमिग क्षमता व अन्य तकनीकी सुविधाओं की जानकारी ली। कानपुर कपड़ा कमेटी के डायरेक्टर रुमित सिंह सागरी ने बताया कि पहले बाजारों में वाहन चोरी और कपडे़ की गांठें आदि चोरी होने की शिकायतें ज्यादा थीं। कैमरे लग जाने से अब चोरियों पर लगाम लगी है। बाजार में करीब तीन हजार से ज्यादा थोक व्यापारी हैं। सभी को सुरक्षित माहौल देने की तैयारी हो रही है। इसके लिए बाजार में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाकर 200 की जाएगी। उन्होंने डीसीपी से कहा कि कुछ लोग अपने घरों की दीवारों पर कैमरा नहीं लगने देते हैं। डीसीपी ने उन व्यक्तियों से वार्ता करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान कमेटी के अध्यक्ष चरनजीत सिंह सागरी, प्रधान सचिव अशोक महेश्वरी, अभिषेक चावला, गौरव मेहरा आदि रहे।

chat bot
आपका साथी