प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल ने कहा, सपा ने सम्मानजनक सीटे दीं तो गठबंधन वरना विकल्प खुले

कार्यकर्ताओं को किसी भ्रम में रहने की जरूरत नहीं है। गठबंधन को लेकर अभी सभी राहें खुली हैं। सपा से सिर्फ उसी स्थिति में गठबंधन होगा जब हमें ठीक संख्या में सीटें मिलेंगी। अगर ऐसा हुआ तो गठबंधन होगा और हम सपा के साथ मिलकर 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।

By Akash DwivediEdited By: Publish:Fri, 27 Nov 2020 09:49 PM (IST) Updated:Fri, 27 Nov 2020 09:49 PM (IST)
प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल ने कहा, सपा ने सम्मानजनक सीटे दीं तो गठबंधन वरना विकल्प खुले
2022 के चुनाव के बाद बनने वाली सरकार में प्रसपा शामिल होगी

कानपुर, जेएनएन। 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) यदि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) को सम्मानजनक सीटें देगी तो ही गठबंधन होगा अन्यथा कई और विकल्प खुले हैं। ये बात शुक्रवार को प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने शुक्रवार को यहां कही। वह राज्यसभा सदस्य सुखराम सिंह यादव के भतीजे के तिलक समारोह में शामिल होने ओरिएंट रिसॉर्ट भौंती आए थे।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को किसी भ्रम में रहने की जरूरत नहीं है। गठबंधन को लेकर अभी सभी राहें खुली हैं। सपा से सिर्फ उसी स्थिति में गठबंधन होगा जब हमें ठीक संख्या में सीटें मिलेंगी। अगर ऐसा हुआ तो गठबंधन होगा और हम सपा के साथ मिलकर 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। सम्मानजनक संख्या में सीटें नहीं मिलीं तो हमारे पास कई विकल्प खुले हैं। उन्होंने कहा कि 2022 के चुनाव के बाद बनने वाली सरकार में प्रसपा शामिल होगी। 

उन्होंने कहा कि यह समय बूथ से लेकर विधानसभा इकाइयों तक को मजबूत करने का है। इसी के जरिए हमारे पास प्रदेश सरकार को उखाड़ फेंकने का रास्ता है। उन्होंने पार्टी जिलाध्यक्ष आशीष चौबे को शहर के प्रमुख सामाजिक, गैर राजनीतिक संगठनों से संपर्क बनाए रखने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल के अध्यक्षों से संपर्क करके पार्टी की रीति-नीति सबको बताएं। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा के लोग समाजवाद की राह पर चलते हुए समाजवाद को ही मजबूत करने का प्रयास जीवन भर करते रहेंगे। आगे के कार्यक्रम तय करने के लिए उन्होंने नगर इकाई को जल्द लखनऊ बुलाने की बात कही। उनका स्वागत हरी कुशवाहा, रिजवान अहमद, राकेश रावत, ऋषि दुबे, प्रभात गहरवार, मोनू श्रीवास्तव, सुनील बाजपेई, किसलय दीक्षित, हाजी अलाउद्दीन वारसी, राकेश यादव, दीपक श्रीवास्तव रहे।

chat bot
आपका साथी