विकास कार्यो में होते मिला घटिया निर्माण

नगर निगम के मुख्य अभियंता ने शिकायतें मिलने पर किया निरीक्षण -ठेकेदारों पर लगाया जुर्माना

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Jan 2021 02:10 AM (IST) Updated:Thu, 21 Jan 2021 02:10 AM (IST)
विकास कार्यो में होते मिला घटिया निर्माण
विकास कार्यो में होते मिला घटिया निर्माण

जागरण संवाददाता, कानपुर : विकास कार्यों की गुणवत्ता और मानक में हो रहे खेल की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए नगर निगम के मुख्य अभियंता एसके सिंह ने खुद कार्यो का निरीक्षण किया। घटिया निर्माण हटाने और ठेकेदार पर जुर्माना लगाने के आदेश दिए। नोटिस भी दी गई है। संबंधित अभियंताओं से भी जवाब तलब किया जाएगा।

मानक से कम मिली गिट्टी

जोन पांच में राय धर्मशाला से सतनाम धर्मकांटा तक रोड साइड पटरी का निर्माण किया जा रहा है। मुख्य अभियंता को निरीक्षण में बेस बनाने के लिए गिट्टी की मात्रा मानक से कम मिली। ठेकेदार पर 15 हजार का जुर्माना लगाया। मानक के अनुरूप काम न करने पर ठेकेदार को काली सूची में डालने के आदेश दिए।

गिट्टी के ऊपर डाली जा रही डस्ट

जोन दो में जाजमऊ नई चुंगी से सिद्धनाथ तिराहे तक फुटपाथ पर इंटरलाकिग टाइल्स लगाई जा रही हैं। मुख्य अभियंता को गिट्टी के ऊपर डस्ट का प्रयोग होता मिला। ठेकेदार पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। नहीं सुधरने पर काली सूची में डालने के आदेश दिए।

सड़क की मोटाई कम मिली

जोन पांच में बैंक आफ बड़ौदा फजलगंज से कमला क्लब तक सड़क का निर्माण किया जा रहा है। निरीक्षण में बेस मे मोटाई कम मिली। मुख्य अभियंता ने मानक के अनुरूप काम करने के आदेश दिए।

बेस में गिट्टी ही नहीं डाली

जोन दो में महेंद्रा पैलेस से हीरा नगर तक नाली व रोड का सुधार कार्य किया जा रहा है। सड़क के बेस मे ठेकेदार ने गिट्टी ही नहीं डाली। कार्य घटिया मिला। ठेकेदार को नोटिस देते हुए 10 हजार रुपए जुर्माना किया।

chat bot
आपका साथी