Oxygen Shortage In Kannauj: ऑक्सीजन के अभाव में चार मरीजों की थमी सांसें, हंगामा होते ही भागे डॉक्टर और स्टाफ कर्मी

Oxygen Shortage In UP सोमवार रात 12 बजे राजकीय मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन खत्म हो गई। पाइप लाइनों से ऑक्सीजन की सप्लाई बंद होने से मरीजों के दिल की धड़कन बढ़ने लगी। आइसोलेशन वार्ड में तीन की ऑक्सीजन न मिलने के कारण मौत हो गई।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 11:55 AM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 11:55 AM (IST)
Oxygen Shortage In Kannauj: ऑक्सीजन के अभाव में चार मरीजों की थमी सांसें, हंगामा होते ही भागे डॉक्टर और स्टाफ कर्मी
सीएमएस डॉ. दिलीप सिंह ने बताया कि ऑक्सीजन की डिमांड लगातार की जा रही है, लेकिन उपलब्धता नहीं हो रही।

कन्नौज, जेएनएन। Oxygen Shortage In UP राजकीय मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन खत्म होने से चार मरीजों की मौत हो गई। इनमें से तीन लोग कोरोना संक्रमित थे। आइसोलेशन से इमरजेंसी तक आठ घंटे तक मरीजों को ऑक्सीजन नहीं मिलने से मरीज तड़पते रहे। स्वजन उन्हें दिलासा देते रहे। तकलीफ बढ़ी तो आक्सीजन की मांग को लेकर गुहार लगाई पर ऑक्सीजन न होने से कोई मदद नहीं मिल सकी। 

सोमवार रात करीब एक बजे राजकीय मेडिकल कॉलेज में पाइप लाइनों से ऑक्सीजन की आपूर्ति बंद होने से मरीज तड़पने लगे। यह देख स्वजन परेशान हो गए। स्वजन ने डॉक्टरों और वहां के स्टाफ को बुलाया तो पता लगा कि ऐसा ऑक्सीजन खत्म होने के कारण हुआ है। ऑक्सीजन की उपलब्धता न होने के कारण आइसोलेशन वार्ड में भर्ती सौरिख के 28 वर्षीय उज्जवल अग्निहोत्री, छिबरामऊ के 32 वर्षीय संदीप, 79 वर्षीय कुंवर बहादुर और इमरजेंसी में भर्ती कन्नौज के 61 वर्षीय साहित्यकार व कवि सुलभ अग्निहोत्री की मौत हो गई। 

जिंदगी-मौत के बीच जूझते रहे 44 मरीज :आठ घंटे बाद मंगलवार सुबह नौ बजे कानपुर से ऑक्सीजन के सिलिंडर आने के बाद मरीजों को राहत मिली। इस दौरान आइसोलेशन वार्ड में भर्ती 44 मरीज जिंदगी-मौत के बीच संघर्ष करते है, क्योंकि उन्हें ऑक्सीजन दी जा रही थी। वार्ड में 82 मरीज भर्ती है। चार की मौत होने के बाद तीमारदारों व मरीजों ने हंगामा किया। आइसोलेशन वार्ड में एक संक्रमित युवक ने इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि, दैनिक जागरण ऐसे किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

इनका ये है कहना 

कोरोना संक्रमित मरीजों के कारण ऑक्सीजन की डिमांड अधिक है। इससे पूरे देश में ऑक्सीजन की कमी हो रही है। मेडिकल कॉलेज में 200 सिलिंडर आर्डर करने पर 70 से 80 सिलिंडर ऑक्सीजन मिल पा रही है। इससे दिक्कतें बढ़ रही हैं। रिजर्व में रखे  सिलिंडर भी सोमवार रात में खत्म होने से दिक्कत हुई। 

                                                                                                     डॉ. दिलीप सिंह, सीएमएस।  

chat bot
आपका साथी