देश में घट रहे थामिन डियर, चिड़ियाघर में प्रजनन केंद्र बनाने की तैयारी

कानपुर का चिड़ियाघर मुफीद, सेंट्रल जू अथॉरिटी को पत्र लिखकर देंगे अधिकारी।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 01 Sep 2018 12:21 PM (IST) Updated:Sat, 01 Sep 2018 12:21 PM (IST)
देश में घट रहे थामिन डियर, चिड़ियाघर में प्रजनन केंद्र बनाने की तैयारी
देश में घट रहे थामिन डियर, चिड़ियाघर में प्रजनन केंद्र बनाने की तैयारी

जागरण संवाददाता, कानपुर: तेजी से घट रही थामिन डियर (संगई हिरन) के संरक्षण के लिए कानपुर चिड़ियाघर में प्रजनन केंद्र बनाया जाएगा। इसके लिए अधिकारी जल्द ही सेंट्रल जू अथॉरिटी को पत्र लिखकर जानकारी देंगे। देश में थामिन डियर की संख्या तेजी से घट रही है। ऐसे में लखीमपुर खीरी में रहने वाले वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ.वीपी सिंह ने थामिन डियर पर शोध किया। इंफाल(मणिपुर) स्थित केबुल लेमजाओ नेशनल पार्क में की गई स्टडी में उन्होंने पाया कि लोकटक झील के पास मिलने वाले थामिन डियर की संख्या तेजी से घट रही है, जबकि वहां के चिड़ियाघर के अंदर इनकी प्रजनन दर बेहतर है। कानपुर चिड़ियाघर में भी इनकी संख्या ठीक-ठाक है। ऐसे में उन्हें प्रजनन केंद्र के लिए कानपुर प्राणिउद्यान सबसे ज्यादा मुफीद लगा। डॉ. सिंह ने कानपुर चिड़ियाघर के निदेशक से संपर्क कर 'कैप्टिव ब्रीडिंग सेंटर' बनाने पर चर्चा की। प्राणिउद्यान के निदेशक केके सिंह ने बताया कि छह सितंबर को डॉ. वीपी सिंह के शोध की रिपोर्ट सौंप देंगे। इसी के आधार पर सेंट्रल जू अथॉरिटी को पत्र लिखकर प्रजनन केंद्र के बारे में जानकारी दी जाएगी। यह संगई हिरन के लिए देश का दूसरा प्रजनन केंद्र होगा। कानपुर प्राणिउद्यान में तीन मादा व 11 नर थामिन डियर हैं जबकि पूरे भारत में थामिन डियर की संख्या 250 से भी कम है। - - - - - - - - - - - - - - -

इनब्रीडिंग को रोकना बहुत जरूरी

वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक वन्यजीवों में इनब्रीडिंग (एक ही परिवार का बढ़ना) एक समय तक तो ठीक है, पर बहुत अधिक समय तक यह नहीं होनी चाहिए। इन्हीं कारणों को ध्यान में रखते हुए चिड़ियाघर प्रशासन गुवाहाटी जू से दो मादा थामिन डियर मंगा रहा है।

chat bot
आपका साथी