अध्यक्ष पद की दौड़ बढ़ाएगी सदस्यों की संख्या

आज शुरू होगा कानपुर उद्योग व्यापार मंडल का सदस्यता अभियान

By JagranEdited By: Publish:Fri, 21 Sep 2018 10:31 AM (IST) Updated:Sat, 22 Sep 2018 10:17 AM (IST)
अध्यक्ष पद की दौड़ बढ़ाएगी सदस्यों की संख्या
अध्यक्ष पद की दौड़ बढ़ाएगी सदस्यों की संख्या

जागरण संवाददाता, कानपुर : कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के चुनाव की घोषणा हो चुकी है। सदस्यता अभियान शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है। मतदान के जरिए चुनाव होने की वजह से इस बार जीतने की चाह में दावेदार ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाएंगे।

कानपुर उद्योग व्यापार मंडल में पिछले चुनाव से पहले सिर्फ बाजार के संगठनों को ही सदस्य बनाया जाता था। बाजार संगठन कानपुर उद्योग व्यापार मंडल का सदस्य तो होता था लेकिन व्यापार मंडल के चुनाव में वोट डालने के लिए सिर्फ अध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्ष को ही अधिकार रहता था। पिछले चुनाव से बाजार में दुकानदारों को भी फर्म के नाम के आधार पर सीधे सदस्य बनाने का कार्य शुरू हो गया। इस समय 173 बाजार संगठन और 293 दुकानदार सीधे व्यापार मंडल के सदस्य हैं। व्यक्तिगत आधार पर ली गई तीन वर्ष की सदस्यता के लिए 1,700 रुपये देने होते हैं। इसमें 1,500 रुपये सदस्यता शुल्क होता है। इसके अलावा दो सौ रुपये परिचय पत्र के लिए होते हैं। बाजार संगठन को 3,000 रुपये की सदस्यता लेनी होती है। आजीवन सदस्यता 5,100 रुपये की है।

शुक्रवार से शुरू होने जा रहे सदस्यता अभियान के लिए रामेश्वर गुप्ता को प्रमुख बनाया गया है। उनके दो सहयोगी भी बनेंगे। ये लोग दिन में बाजारों में सदस्य बनाएंगे। इसके बाद शाम को साढ़े पांच बजे से कलक्टरगंज स्थित कार्यालय में वे बैठेंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष मुकुंद मिश्रा के मुताबिक रसीदें सदस्यता प्रमुख के पास रहेंगी। वे सदस्यता फार्म बांटेंगे। जो लोग फार्म भरकर आएंगे। उनकी रसीद काटकर सदस्य बना दिया जाएगा। किसी को सदस्यता बही नहीं दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी