नौ घंटे गुल रही बिजली, अवर व सहायक अभियंता निलंबित

जेएनएन कानपुर केस्को के पराग डेयरी डिवीजन में नौ घंटे बिजली गुल रहने पर अवर अभियंता व सहायक अभियंता को निलंबित कर दिया गया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 02:13 AM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 02:13 AM (IST)
नौ घंटे गुल रही बिजली, अवर व सहायक अभियंता निलंबित
नौ घंटे गुल रही बिजली, अवर व सहायक अभियंता निलंबित

जेएनएन, कानपुर : केस्को के पराग डेयरी डिवीजन में नौ घंटे बिजली गुल रहने पर अवर अभियंता व सहायक अभियंता को निलंबित कर दिया गया है। केस्को एमडी ने अधिशासी अभियंता के साथ ही दोनों निलंबित अभियंताओं के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के भी निर्देश दिए हैं। लंबे समय तक गोविद नगर फीडर ब्रेकडाउन रहने की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी भी गठित की गई है।

पराग डेयरी डिवीजन के अंतर्गत शुक्रवार को गोविद नगर फीडर की आपूर्ति दोपहर दो बजे बंद हो गई। दिनभर बिजली न आने से उपभोक्ताओं का बुरा हाल रहा। रात 10.55 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। इस बीच बिजली आपूर्ति को लेकर उपभोक्ता गोविदनगर सबस्टेशन भी पहुंचे और हंगामा किया, लेकिन फाल्ट ढूंढ़कर उसे बनाने में लापरवाही बरती गई। नौ घंटे आपूर्ति बंद रहने से केस्को एमडी अनिल ढींगरा ने अधीक्षण अभियंता वितरण द्वितीय को जांच के निर्देश दिए थे। प्राथमिक जांच के बाद आपूर्ति बहाल करने में लापरवाही बरतने पर गोविद नगर सबस्टेशन के अवर अभियंता रणजीत यादव व सहायक अभियंता राजेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया है। दोनों को मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। निलंबित अभियंताओं का साथ अधिशासी अभियंता पराग डेयरी डिवीजन के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

-------

वैकल्पिक व्यवस्था के बाद भी आपूर्ति नहीं

पराग डेयरी डिवीजन में गोविंद नगर फीडर की डबल सोर्स आपूर्ति है। एक सोर्स खराब होने दूसरे से आपूर्ति की जा सकती है। वहीं मेहरबान सिंह का पुरवा ट्रांसमिशन सबस्टेशन से नौ घंटे बिजली गुल रहने पर गोविद नगर फीडर की आपूर्ति को नौबस्ता ट्रांसमिशन से भी बहाल नहीं किया जा सका। अगर ओवरहेड लाइन की पेट्रोलिग की जाती तो समस्या का निस्तारण समय से हो जाता।

chat bot
आपका साथी